JAGDALPUR: भाजपा कार्यकर्ता को बना दिया कांग्रेस का कार्यकारिणी सदस्य, विवादों के घिरी सूची
CHHATTISGARH CONGRESS: जगदलपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी की घोषणा गुरूवार को हुई। कार्यकारिणी की घोषणा के बाद से पूरी सूची विवादों के घेरे में आ गई है। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी में अधिकांश युवा चेहरों को शामिल किया गया है, वहीं वरिष्ठों को स्थायी आमंत्रित सदस्यों के रूप में रखा गया है।

इस बीच एक नाम ऐसा भी आया, जिसे लेकर विवाद की स्थिति बनती दिख रही है। दरअसल करीब 4 दशकों से भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहे शहर के बटोही झा का नाम भी कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी सदस्यों की सूची में शामिल हो जाने से अब पूरी सूची पर सवाल उठने लगे हैं। जैसे ही कांग्रेस की शहर जिला कार्यकारिणी की घोषणा हुई, बटोही ने इस पर आपत्ति दर्ज करवा दी।
मालूम हो कि विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा व कांग्रेस दोनों में सीटों की खींचतान मची हुई है। इस बीच जहां कांग्रेस ने बस्तर जिले की तीन विधानसभा सीटों पर अपने विधायकों को बनाए रखने का दावा किया है, वहीं भाजपा ने तीनों सीटें अपने कब्जे में लेने की ताल ठोंकी है। इन सबके बीच कांग्रेस की शहर जिला कार्यकारिणी की घोषणा के बाद नया विवाद शुरू हो गया। हालांकि कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील मौर्य ने इसे लिपिकीय त्रुटि बताया है, लेकिन विवाद फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा है।
कांग्रेस की शहर जिला कार्यकारिणी में 1 कोषाध्यक्ष, 8 उपाध्यक्ष, 27 महामंत्री, 5 कार्यकारिणी सदस्य, 11 संयुक्त महामंत्री, 31 सचिव, 24 संयुक्त सचिव, 13 स्थायी आमंत्रित सदस्य, 21 विशेष आमंत्रित सदस्य व 5 कार्यकर्ताओं को मीडिया पैनल में जगह दी गई है।
घोषित कार्यकारिणी में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता बटोही झा का नाम शामिल किए जाने का विरोध उन्होंने किया है। वन इंडिया से चर्चा करते झा ने बताया कि वे बीते 4 दशकों से भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता के रूप में काम करते रहे हैं। उनका कांग्रेस से कोई लेना-देना नहीं है। कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी में उनका नाम शामिल किए जाने पर उन्होंने अपनी गहरी नाराजगी भी जताई है। इसके साथ ही जिलाध्यक्ष सुशील मौर्य से इस बात का खंडन करने की मांग भी बटोही ने की है।
इधर इस मामले में कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष सुशील मौर्य ने वन इंडिया को बताया कि सूची में लिपिकीय त्रुटि के कारण बटोही झा अंकित हो गया है, जबकि इस जगह पर कार्यकारिणी सदस्य के रूप में बटोही शर्मा का नाम लिखा जाना चाहिए था। उन्होंने बताया कि बटोही शर्मा पिछली कार्यकारिणी में वरिष्ठ उपाध्यक्ष थे, जिन्हें इस बार कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। बटोही शर्मा की जगह बटोही झा अंकित हो जाने से विवाद की स्थिति बनी है, जिसे सुधार दिया गया है।
यह भी पढ़े CG Assembly Elections 2023 की तारीखों को लेकर बड़ा अपडेट, इस दिन छत्तीसगढ़ में लगेगी आचार संहिता












Click it and Unblock the Notifications