जानिए उस बाहुबली वॉटरफॉल के बारे में जहां नक्सलियों के परमिशन के बिना ड्रोन कैमरा उड़ाना मना है
बस्तर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के बीहड़ों में आपको कई खूबसूरत वॉटरफॉल देखने को मिल जाएंगे, जिनमें से एक है हांदवाड़ा जल प्रपात, जिसे लोग बाहुबली वाटर फॉल के नाम से भी जानते हैं। तीन जिलों की सीमा पर नक्सलियों के गढ़ में मौजूद हांदवाड़ा वॉरफॉल की खूबसूरती को किसी ने पहली बार ड्रोन कैमरे में कैद किया है।

फेमस यूट्यूबर्स को बुलाया गया था
ऐसा कहा जाता है कि यहां नक्सलियों के इजाजत के बिना कैमरा चलाने की अनुमति नहीं है। लेकिन कुछ दिन पूर्व ही घूमने आए कुछ युवा लड़कों ने ड्रोन कैमरा उड़ा कर हांदवाड़ा वॉटरफॉल की खूबसूरती को कैमरे में कैद कर लिया। इसके बाद दंतेवाड़ा जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन ने अब सोशल मीडिया का सहारा लिया है। यहां की खूबसूरती को देश-दुनिया को दिखाने के लिए अलग-अलग जिलों से कई फेमस यूट्यूबर्स को बुलाया गया था।

युवकों ने उड़ा दिया था ड्रोन कैमरा
इन यूट्यूबर्स को हांदवाड़ा जल प्रपात की भी सैर कराई गई थी। ये सभी युवा इन इलाकाों के हालात से पूरी तरह बेखबर थे। इसी बीच एक युवक ने ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल कर आसपास की खूबसूरती को कैमरे में कैद कर लिया। हालांकि तुरंत ही गांव के लोगों ने नाराजगी जताई। क्योंकि यह इलाका पूरी तरह से नक्सलियों का गढ़ है। उनकी इजाजत के बिना यहां ड्रोन कैमरा चलाना मना है।

वॉटरफॉल तक पहुंचने के लिए सुगम रास्ता नहीं
अगर कभी आप भी हांदवाड़ा वॉटरफॉल घूमना चाहते हैं तो सबसे पहले आपको इंद्रवाती नदी को पार करना पड़ेगा। फिर बाइक से कई किलोमीटर तक पतली सड़क पर चलना होगा। इस दौरान आपको दो से तीन बरसाती नालों को भी पार करना होगा। फिर कुछ दूरी पर बाइक खड़ी कर पैदल जंगली सफर तय कर पहुंच सकते हैं।

बाहुबली के नाम से भी जाना जाता है वॉटरफॉल
कुछ साल पहले हांदावाड़ा जल प्रपात में बाहुबली पार्ट-2 की शूटिंग की अफवाह उड़ी थी। इसी वजह से इसे बाहुबली वाटर फॉल भी कहा जाने लगा। शूटिंग की अफवाह के बाद ही पर्यटकों की इस जल प्रपात को देखने की दिलचस्पी ज्यादा बढ़ी। यही वजह है कि पिछले 2-3 सालों में पर्यटकों की भीड़ भी ज्यादा देखने को मिल रही है।












Click it and Unblock the Notifications