छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश भर में खोलेगी पैथोलॉजी लैब, बेहद कम कीमत पर होगी सभी जांच
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के शहरी क्षेत्र में रहने वाले लोगों को भूपेश बघेल सरकार बड़ी सौगात देने जा रही है। प्रदेश के लोगों को उच्च गुणवत्ता वाली आधुनिक पैथोलॉजी और डायग्नोस्टिक लैब में होने वाली जांच बेहद की सस्ती दरों पर उपलब्ध होगी। इसके लिए सरकार प्रदेश के 14 नगर निगम क्षेत्रों में राज्य प्रवर्तित सिटी डायग्नोस्टिक सेंटर योजना लागू करने जा रही है। इसमें लोगों को बाजार रेट से आधी कीमत तक में ही जांच की सुविधा मिलेगी।

निगम करेगा भवन की व्यवस्था
इस योजना को संचालित करने के लिए भवन की व्यवस्था निगमों को करानी होगी। इसके लिए शहरी क्षेत्रों में खाली पड़े और उपयोग में न आ रहे सामुदायिक भवनों को प्रयोग में लाया जाएगा। इसके जरिए आम लोगों को सुगमता से डायग्नोस्टिक सुविधा देना लक्ष्य होगा। साथ ही यह सेंटर मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत पहले से ही चलाई जा रही मोबाइल यूनिट के पूरक भी बनेंगे।
लैब स्थापित करने का अधिकार मिलेगा
इस तरह की सार्वजनिक प्रयोगशालाएं स्थापित करने के लिए राज्य की बघेल सरकार नगर निगमों को अधिकार प्रदान करेगी। यह अधिकार छत्तीसगढ़ नगर पालिका अधिनियम 1956 के अंतर्गत धारा 68 में वर्णित शासन के कार्यों की अनुसूची के आधार पर हस्तांतरित किए जाएंगे। इस काम की जिम्मेदारी अरबन पब्विक सर्विस सोसाइटियों को दी जाएगी।
क्या है योजना ?
लोगों के सस्ती डायग्नोस्टिक जांच देने की राज्य की भूपेश बघेल सरकार की प्राथमिकता वाली यह योजना अरबन पब्लिक सर्विस सोसाइटी (यूपीएसएस) के नाम से संचालित होगी। शहरी विकास अभिकरण (सूडा) इस योजना का क्रियान्वयन करेगी जिसके लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने पत्र जारी कर दिए गए हैं। इस पत्र में प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों (यूपीएसएस के अध्यक्ष) और सभी निगम आयुक्तों को निर्देश दिया गया है कि वे सोसाइटी की साधारण सभा आयोजित करें और अपने जिलों के समस्त नियमों में योजना को लागू करने का प्रस्ताव प्रस्तुत करें।
करा सकेंगे ये जांच
इस योजना के माध्यम से जो जांच केंद्र खोले जाएंगे उनमें आम लोगों के लिए खून की जांच, स्पूटम की जांच, लिपिड प्रोफाइल, सीटी स्कैन, एमआरआई जैसी नियमित जांच करवाने की सुविधा होगी जिसे बहुत ही कम शुल्क देकर करवाया जा सकेगा। यह सभी जांच अत्याधुनिक प्रयोग शाला में होगी। गंभीर टेस्ट के लिए ऑनलाइन अपाइंटमेंट की सुविधा भी उपलब्ध होगी।












Click it and Unblock the Notifications