Chhattisgarh Election Result: छत्तीसगढ़ में इतनी तेज चली मोदी लहर, 'उड़ गए' भूपेश कैबिनेट के धुरंधर
Chhattisgarh Election Result: छत्तीसगढ़ 2018 विधानसभा के चुनावों में जिस तरह से कांग्रेस ने भाजपा का छत्तीसगढ़ से सूपड़ा साफ किया था। ठीक उसी तर्ज पर भारतीय जनता पार्टी ने इस बार कांग्रेस को कभी ना भूलने वाला झटका दिया है।
2023 के मतगणना के बाद कांग्रेस को सिर्फ एग्जिट पोल के नतीजों पर ही खुश होने का मौका मिला। 30 नवंबर की शाम को आए एग्जिट पोल के दावे से कांग्रेस सिर्फ तीन दिन खुशी मान पाई।

कांग्रेस के दफ्तर में जहां सुबह 9 बजे तक गहमा गहमी थी वो 11 बजे के बाद सन्नाटे में बदल गई. कांग्रेस के कई दिग्गज भाजपा के चुनावी चक्रव्यूह में फंसकर चित्त हो गए।
चित्रकोट विधानसभा सीट पर कांग्रेस के सबसे हाईप्रोफाइल और युवा नेता दीपक बैज चुनाव हार गए। दीपक बैज को भारतीय जनता पार्टी के विनायक गोयल ने हराया। भारतीय जनता पार्टी के विनायक गोयल का कोई बड़ा राजनीतिक करियर नहीं रहा है। दीपक बैज जगदलपुर लोकसभा सीट से सांसद और वर्तमान में पीसीसीसी चीफ भी हैं।
सीतापुर सीट से कांग्रेस के दिग्गज नेता और खाद्य मंत्री रहे अमरजीत भगत पराजित हुए हैं।अमरजीत भगत को भारतीय जनता पार्टी से पहली बार चुनाव लड़ रहे रामकुमार टोप्पों ने चुनाव हरा दिया। रामकुमार टोप्पो आर्मी से रिटायर हुए जवान हैं। अपनी पहली ही राजनीतिक पारी में रामकुमार ने भूपेश बघेल के सबसे बड़े सिपहसालार को धूल चटाई।
साजा विधानसभा सीट से प्रदेश के कृषि मंत्री रविंद्र चौबे चुनाव हार गए हैं। रविंद्र चौबे को पहली बार चुनाव लड़ रहे ईश्वर साहू ने चुनाव हरा दिया। ईश्वर साहू की हत्या बीच बाजार में कर दी थी। भारतीय जनता पार्टी ने मौके को भुनाते हुए ईश्वर साहू को अपना उम्मीदवार बनाया और साहू ने भारतीय जनता पार्टी के फैसले को सही साबित कर दिखाया।
रायपुर उत्तर सीट से कांग्रेस के दिग्गज नेता कुलदीप जुनेजा की हार हुई है। कुलदीप जुनेजा को बीजेपी के पुरंदर मिश्रा ने चुनाव हराया है। तो वहीं रायपुर दक्षिण सीट से भाजपा के 7 बार के विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने जीत दर्ज की, बृजमोहन अग्रवाल का मुकाबला यहां अपने ही गुरु महंत रामसुंदर दास था।
कुनकुरी विधानसभा सीट इस बार काफी हाईप्रोफाइल सीट थी। यूडी मिंज को भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता विष्णुदेव साय ने करारी शिकस्त दी। विष्णुदेव साय पहले केंद्रीय मंत्री के पद पर रहे फिर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पर भी रहे।
कोंडगांव सीट से कांग्रेस के दिग्गज नेता मोहन मरकाम को भाजपा की लता उसेंडी ने हरा दिया। मोहन मरकाम पहले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रहे फिर उनको प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटाकर कैबिनेट मंत्री बनाया गया था। लता उसेंडी भाजपा सरकार में पूर्व मंत्री रह चुकी हैं।
मोहम्मद अकबर को कवर्धा सीट से हार का सामना करना पड़ा है। कवर्धा सीट की लड़ाई में मोहम्मद अकबर को भारतीय जनता पार्टी विजय शर्मा ने चुनाव हार आया।
रायगढ़ सीट से बीजेपी के ओपी चौधरी ने जीत हासिल की है। उन्होंने शक्रजीत नायक को हराया है। अंबिकापुर विधानसभा सीट पर उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और राजेश अग्रवाल के बीच जबरदस्त टक्कर हुई. यहां हार जीत का अंतर काफी कम रहा।
राजनांदगांव सीट पर रमन सिंह ने बड़े मार्जिन से जीत दर्ज की। रमन सिंह ने यहां कांग्रेस के गिरीश देवांगन को चुनावी मैदान में पटखनी दी। लोरमी विधानसभा सीट पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद अरुण साव ने जीत दर्ज की, साव ने कांग्रेस के थानेश्वर साहू को हराया। पहले राउंड से ही अरुण साव ने जो बढ़त बनाई वो आखरी राउंड तक बढ़त बनी रही।
रायपुर पश्चिम सीट से भारतीय जनता पार्टी के राजेश मूणत ने कांग्रेस के युवा और तेजतर्रार नेता विकास उपाध्याय को बड़े अंतर से चुनाव हराया है। विकास उपाध्याय को मुख्यमंत्री का करीबी भी माना जाता था।
दुर्ग ग्रामीण सीट पर कांग्रेस के कद्दावर नेता और वर्तमान में प्रदेश के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू को चुनाव हराया है। छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री को बीजेपी के ललित चंद्राकर ने 13 हजार वोटों से हराया।












Click it and Unblock the Notifications