OPINION: छत्तीसगढ़ में होगा चौतरफा विकास, सीएम साय की मंशा मुताबिक अडानी समूह करेगा राज्यहित में कार्य
Chhattisgarh News: हाल ही में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी से उनके निवास पर एक सौजन्य मुलाकात की। इस मुलाकात में अडानी ने छत्तीसगढ़ सरकार की दूरदर्शी और पारदर्शी नीतियों की सराहना की, जो उद्योगपतियों का भरोसा जीतने में सफल रही हैं। इसके परिणामस्वरूप, अडानी समूह ने रायपुर, कोरबा और रायगढ़ में पावर प्लांट्स के विस्तार के लिए 60 हजार करोड़ रुपए के निवेश की योजना बनाई है।
इस परियोजना से छत्तीसगढ़ की विद्युत उत्पादन क्षमता में अतिरिक्त 6,120 मेगावाट की वृद्धि होगी, जिससे राज्य न केवल आत्मनिर्भर बनेगा, बल्कि अन्य राज्यों को ऊर्जा आपूर्ति में भी मदद करेगा। अडानी समूह ने राज्य में सीमेंट प्लांट्स के विस्तार के लिए 5 हजार करोड़ रुपए के निवेश पर भी सहमति व्यक्त की है।

इससे छत्तीसगढ़ में सीमेंट उद्योग को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अडानी समूह के चेयरमैन को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है, ताकि छत्तीसगढ़ के विकास में नए आयाम गढ़े जा सकें।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उद्योगपति गौतम अडानी की मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ में रक्षा उपकरण निर्माण, डेटा सेंटर और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर स्थापित करने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ। सरकार की पहल राज्य को उभरते उद्योगों का प्रमुख केंद्र बनाना है। वर्तमान समय की जरूरतों को देखते हुए नवाचारी गतिविधियों को बढ़ावा देने के संबंध में भी विचार साझा किए गए हैं।
छत्तीसगढ़ के विकास के लिए अडानी समूह 10 हजार करोड़ रुपए का व्यय करेगा
गौतम अडानी ने बताया कि अडानी समूह शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य में अगले चार वर्षों में लगभग 10 हजार करोड़ का व्यय सीएसआर एवं अन्य स्रोतों से करेगा। यह पहल राज्य के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई ऊंचाई पर ले जाएगी।
अडानी समूह युवाओं में रोजगार आधारित कौशल विकास के लिए काम करेगा, जिससे तकनीकी कौशल आधारित मानव संसाधन की पर्याप्त उपलब्धता होगी। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में भविष्य की जरूरतों के अनुसार पाठ्यक्रम को डिजाइन किया जाएगा, ताकि स्थानीय युवाओं को पर्याप्त अवसर मिल सकें। इसके साथ ही, अडानी समूह छत्तीसगढ़ में शिक्षा और कौशल विकास को नई दिशा देने के लिए स्किलिंग एक्सीलेंस स्कूल और नवा रायपुर में प्रीमियम स्कूल की स्थापना करेगा। यह पहल राज्य में युवाओं और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अत्याधुनिक कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास सिद्ध होगा।
स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ावा देने पर होगा काम
अडानी समूह स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर भी ध्यान देगा, जिससे छत्तीसगढ़ के नागरिकों को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। एम्स रायपुर और मेकाहारा अस्पताल के पास मरीजों के परिजनों के लिए 1000 बेड डॉर्मिटरी की सुविधा भी शुरू की जाएगी।
अडानी समूह छत्तीसगढ़ में ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों को पर्यटकों के लिए आकर्षक बनाने के लिए नई परियोजनाओं पर काम करेगा। इससे प्राकृतिक सौंदर्य और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को विश्व स्तर पर पहचान मिल सकेगी। इसी तरह, ग्रामीण विकास के अंतर्गत सुविधाओं को विस्तार देने पर भी काम किया जाएगा।
इस प्रकार, अडानी समूह की योजनाएं छत्तीसगढ़ के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हो सकती हैं, जो न केवल आर्थिक विकास को बढ़ावा देंगी, बल्कि राज्य के नागरिकों के जीवन स्तर में भी सुधार करेंगी।
यह भी पढ़ें OPINION: छत्तीसगढ़ के भू-अभिलेखों के डिजिटलीकरण कार्य की सराहना, केंद्र ने किया प्रोत्साहित












Click it and Unblock the Notifications