छत्तीसगढ़ में बढ़ा कांग्रेस का कुनबा , सदस्यों की संख्या हुई 13 लाख के पार
रायपुर,28 मार्च । छत्तीसगढ़ में मिशन 2023-24 की तैयारियों में जुटी सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी अपने सदस्यता अभियान में ज़ोर शोर से जुटी है। कांग्रेस में सदस्य बनने के लिए तो हर दिन अवसर खुले रहते हैं, लेकिन व्यापक स्तर पर चलाये जा रहे अभियान की आखरी तिथि 31 मार्च है। अब तक के आंकड़े बताते है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने 13 लाख से भी अधिक सदस्य बना लिए हैं ।

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने बना लिए हैं 13 लाख से भी अधिक सदस्य
कांग्रेस के सदस्यता अभियान के तहत जिन लोकसभाओं ने बाजी मारी है,उसमे दुर्ग,सरगुजा और बस्तर लोकसभा शीर्ष पर हैं। दुर्ग सीएम भूपेश बघेल का गृहजिला है। वह इस जिले की पाटन विधानसभा से विधायक हैं।वहीं बस्तर लोकसभा की कोंडागांव विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम विधायक हैं,जबकि सरगुजा लोकसभा के अंबिकापुर से सूबे के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव विद्यायक हैं।
छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव को अभी डेढ़ साल का वक़्त बचा है। कांग्रेस चाहती है कि पूरे प्रदेश में पार्टी का विस्तार करके एक बार फिर पूरे दमख़म के साथ चुनावी मैदान में जीत हासिल करके सत्ता की बागडोर अपने हाथ में बरकरार रखी जाये। कांग्रेस ने राज्य में दस लाख सदस्य बनाने का टारगेट रखा था, कार्यकर्त्ता तय तारीख 31 मार्च तक अधिक से अधिक सदस्य बनाने की जुगत में लगे हुए हैं। कांग्रेस ने जब पिछली बार सदस्यता अभियान चलाया था,तब छत्तीसगढ़ में छह लाख दो हजार 975 सदस्य बनाये गए थे। इस बार कांग्रेस ने ऑफलाइन के अलावा ऑनलाइन माध्यम से भी सदस्य बनाने का अभियान चला रखा है।

15 फरवरी 2022 से शुरू किया गया था डिजिटल सदस्यता अभियान
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के डिजिटल सदस्यता अभियान के प्रभारी अमरजीत चावला का कहना है कि भविष्य में कांग्रेस पार्टी के संगठन चुनाव डिजिटल सदस्यता अभियान के आधार पर होंगे,इसके मद्देनजर पार्टी ने राज्य की सभी 90 हर विधानसभाओं में प्रभारी नियुक्त किए गए हैं,वहीं पांचों संभागों में प्रशिक्षण अभियान भी चलाया गया था। चावला ने कहा कि 15 फरवरी 2022 से राज्य में डिजिटल सदस्यता अभियान शुरू किया गया है,जिसके परिणाम अब दिखने लगे हैं।

भाजपा के मिस्ड कॉल अभियान से अलग है कांग्रेस का अभियान
छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम के मुताबिक कांग्रेस की डिजिटल सदस्यता और बीजेपी की आनलाइन सदस्यता में काफी फर्क है। रमन सरकार के दौरान बीजेपी नेताओं ने मिस्ड कॉल से 56 लाख सदस्य बनाए थे, लेकिन 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को कुल 32 लाख मत ही मिले। भाजपा के डिजिटल सदस्यों का कहीं अता-पता नहीं है। हमारे सदस्यता अभियान के तहत लेने वाले के मोबाइल पर वन टाइम पासवर्ड आता है। उसकी तस्वीर खींचने के अलावा वोटर आइडी नंबर दर्ज किया जाता है,तब जाकर कांग्रेस व्यक्ति को सदस्यता का प्रमाण पत्र देती है।

16 राज्यों में जारी है कांग्रेस का डिजिटल सदस्यता अभियान
कांग्रेस के डिजिटल सदस्यता अभियान को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जब यह अभियान शुरू हुआ था। तब पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने खुद इसके तहत सदस्यता ली थी। मिली जानकारी के मुताबिक पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी भी डिजिटल माध्यम से सदस्यता लेने वाली हैं। यह भी जानना जरुरी है कि कांग्रेस के डिजिटल सदस्यता अभियान की शुरुआत तेलंगाना से हुई थी,जो 16 राज्यों में जारी है।
यह भी पढ़ें छत्तीसगढ़ में नदी पर बन रहे पुल का ग्रामीण क्यों कर रहे हैं विरोध ?












Click it and Unblock the Notifications