CG: सीएम विष्णुदेव साय ने गिनाये अपने काम, बस्तरवासियों से कहा- मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है
Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के बस्तर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी रैली के दौरान राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भाजपा सरकार की उपल्बधियां गिनाई। सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ भारत रत्न श्रद्धेय अटलजी की देन है, भाजपा की देन है। आदिवासियों का समुचित विकास हो, इसके लिए भाजपा और अटलजी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया। भाजपा ने ही राष्ट्रपति पद पर आदिवासी समाज की बेटी द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाकर आदिवासी समाज का सम्मान किया है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पिछले विधानसभा के चुनाव में मोदी की गारंटी पर छत्तीसगढ़ की जनता-जनार्दन ने विश्वास करते हुए छत्तीसगढ़ में भाजपा को जिताया और भाजपा की सरकार बनाई है। प्रदेश की भाजपा सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए श्री साय ने कहा कि तीन महीनों की अल्पावधि में मोदी की गारंटी को पूरा करने में उनकी सरकार लगातार कार्य कर रही है। सरकार बनने के बाद पहला काम प्रधानमंत्री आवास योजना, जिसे कांग्रेस की सरकार ने रोक रखा था, उसकी स्वीकृति पहली कैबिनेट बैठक में दे दी गई। 2 वर्षों के बकाया बोनस का भुगतान 25 दिसंबर को कर दिया गया। प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी की शुरुआत भाजपा ने की और रिकॉर्ड खरीदी की। इस वर्ष 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया गया और अंतर की राशि का एकमुश्त भुगतान 12 मार्च को 24.72 लाख किसानों के खातों में भेज दिया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ की 70 लाख से अधिक विवाहित महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत ₹1000 प्रतिमाह देने की शुरुआत भी 10 मार्च को कर दी गई है। रामलला दर्शन योजना का वादा भी पूरा कर दिया गया है। पीएससी घोटाला की जाँच का जिम्मा सीबीआई को सौंप दिया गया है। वनवासी भाइयों से तेंदूपत्ता की खरीदी 5,500 रु. प्रति मानक बोरा की दर से खरीदी करने की घोषणा हमने कर दी है। शेष वादों को भी हम जल्द से जल्द पूरा करेंगे। साय ने आह्वान किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ की सभी 11 लोकसभा सीटों में कमल खिलाना है और नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है।
यह भी पढ़ें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बयान, नक्सलवाद के साथ लड़ाई हुई तेज












Click it and Unblock the Notifications