छत्तीसगढ़ सरकार ने जताई नगरनार स्टील प्लांट को खरीदने की इच्छा, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सदन में की घोषणा
रायपुर। Nagarnar steel plant in bastar केंद्र सरकार के द्वारा बस्तर जिले में बनाए जा रहे नगरनार स्टील प्लांट को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार ने उसमें निवेश की इच्छा जाहिर की है। दरअसल, छत्तीसगढ़ की भूपेश बघेल सरकार का कहना है कि अगर भारत सरकार इसके निजीकरण के बारे में सोचती है तो हम उसे खरीदेंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का कहना है कि हम इस प्लांट को किसी प्राइवेट सेक्टर के हाथों में नहीं जाने देंगे, अगर केंद्र सरकार इसके निजीकरण की योजना बनाती है तो हम उसे खरीद लेंगे।

छत्तीसगढ़ की अस्मित का सवाल है स्टील प्लांट
सोमवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा के आखिरी दिन इस स्टील प्लांट के निजीकरण मामले पर सर्वसम्मति से शासकीय संकल्प पारित किया गया। इस शासकीय संकल्प पर काफी देर तक चर्चा हुई। इसी चर्चा के दौरान सरकार ने ये घोषणा कर दी। सदन में बोलते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, 'इस प्लांट को निजी हाथों में नहीं जाने देंगे। छ्त्तीसगढ़ सरकार इसे स्वयं चलाएगी। सवाल छत्तीसगढ़ की अस्मिता का है, बस्तर के आदिवासियों का है। बस्तर के लोगों का इससे भावनात्मक लगाव रहा है।'
शासकीय प्रस्ताव में विपक्ष की मांग पर हुए हैं बदलाव
इस संकल्प को लेकर चर्चा के दौरान पक्ष-विपक्ष के बीच कुछ मुद्दों को लेकर बहस भी हुई, लेकिन आखिर में सर्वसम्मति से संकल्प पारित हो गया। हालांकि विपक्ष के आग्रह के बाद शासकीय प्रस्ताव के शब्दों में आशिंक बदलाव भी किए गए हैं। आपको बता दें कि राज्य सरकार के द्वारा सदन में नगरनार स्टील प्लांट के निजीकरण की प्रक्रिया के खिलाफ एक प्रस्ताव लाया गया था।
निजीकरण के खिलाफ जारी रहेगा आंदोलन- भूपेश बघेल
स्टील प्लांट के निजीकरण की खबरों को लेकर भूपेश बघेल ने कहा है कि निवेश करने के लिहाज से हम इस प्लांट को खरीदने के लिए तैयार हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार और स्थानीय जनता ने अपनी जमीन सार्वजनिक उपक्रम एनएमडीसी को यहां स्टील प्लांट लगाने के लिए दिया था। सीएम ने आगे कहा है कि प्लांट के निजीकरण के खिलाफ एक तरह से हमारा आंदोलन चल रहा है और ये आंदोलन जारी रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications