23 फरवरी को शपथ लेंगे नवनियुक्त राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन, रायपुर पहुंचने पर होगा जोरदार स्वागत
आंध्र प्रदेश के राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन छत्तीसगढ़ के नए राज्यपाल का कार्यभार संभालने वाले हैं। 89 वर्ष के बिस्वा भूषण हरिचंदन पांच बार विधायक रहे हैं।
आगामी 23 फरवरी को छत्तीसगढ़ के नए राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण की तमाम व्यवस्थाओं को लेकर राज्य के मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने प्रमुख अधिकारियों की बैठक लेकर जरूरी दिशा निर्देश जारी किये हैं। नए राज्यपाल के रायपुर एयरपोर्ट पर पहुंचने पर उनका स्वागत किया जायेगा। छत्तीसगढ़ के नए राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन मूलतः ओडिशा के रहने वाले हैं,वह आंध्र प्रदेश में बीते 4 सालों से राज्यपाल की भूमिका में हैं।

गौरतलब है कि राज्यपाल अनुसुईया उइके को हटाकर उन्हें मणिपुर का राज्यपाल बनाया गया है।उनके स्थान पर आंध्र प्रदेश के राज्यपाल रहे बिस्वा भूषण हरिचंदन को छत्तीसगढ़ के नए राज्यपाल बनाये गए हैं। छत्तीसगढ़ विधानसभा से पास आरक्षण संशोधन विधेयक पर राज्यपाल के दफ्तर में बिना दस्तखत के रखा हुआ है,लिहाजा अब सबकी नजर नए राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन पर टिक गई हैं। अनुसुईया उइके छत्तीसगढ़ छोड़कर मणिपुर जा रही हैं,उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मणिपुर की राज्यपाल बनाया है। उइके को सरकार ने 16 जुलाई 2019 को छत्तीसगढ़ का राज्यपाल नियुक्त किया था। उन्होंने 17 जुलाई को कार्यभार ग्रहण कर लिया था।
अब आंध्र प्रदेश के राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन छत्तीसगढ़ के नए राज्यपाल का कार्यभार संभालने वाले हैं। 89 वर्ष के बिस्वा भूषण हरिचंदन पांच बार विधायक रहे हैं। 1971 में भारतीय जनसंघ प्रवेश किया था,वह जनता पार्टी के गठन तक जनसंघ से ओडिशा के महामंत्री थे। 1988 तक वह भाजपा में थे,जिसके बाद उन्होंने बीजू जनता दल में प्रवेश किया। 1996 में वह फिर भाजपा में लौट आये।
Recommended Video
नए राज्यपाल की राजनीतिक पृष्ठभूमि भाजपा और संघ की विचारधारा के निकट है,लिहाजा कांग्रेस उनसे बहुत अधिक उम्मीद नहीं करेगी। बहरहाल सीएम भूपेश बघेल ने नए राज्यपाल के स्वागत में कहा है कि छत्तीसगढ़ के नव नियुक्त राज्यपाल आदरणीय श्री बिस्वा भूषण हरिचंदन जी से संवैधानिक अभिभावक के रूप में प्रदेश की जनता के हक और अधिकार के लिए उनका पूर्ण मार्गदर्शन एवं सहयोग हम सबको मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications