छत्तीसगढ़ः अजीत जोगी और बेटे अमित जोगी के खिलाफ इस गंभीर अपराध के मामले में एफआईआर दर्ज
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री अजित जोगी और उनके बेटे अमित जोगी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। शुक्रवार को जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री व जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के प्रमुख अजित जोगी और उनके बेटे अमित जोगी के खिलाफ सिविल लाइन थाने में गुरुवार देर रात नौकर को आत्महत्या के लिए उकसाने का अपराध दर्ज किया गया है।

बता दें कि बीते बुधवार को जोगी के बिलासपुर स्थित आवास मरवाही सदन में उनके एक कर्मचारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि जोगी के निवास में आत्महत्या करने वाले संतोष कौशिक भाई कृष्ण कुमार कौशिक ने पुलिस थाने में लिखित शिकायत दी है। शिकायत में उसने बताया है कि उसके भाई पर चोरी का इल्जाम लगाया गया था और उसे प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसके कारण उसने परेशान होकर आत्महत्या कर ली।
मृतक के भाई कृष्ण कुमार ने सीधे तौर पर अपने भाई की मौत के लिए जोगी पिता-पुत्र को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि मृतक संतोष के भाई कृष्ण कुमार की शिकायत के आधार पर पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी और उनके बेटे अमित जोगी के खिलाफ धारा 306, 34 के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है।
वहीं अजीत जोगी के बेटे अमित जोगी ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध कहा है। जोगी ने बयान जारी कर कहा है कि पीड़ित परिवार के साथ उनकी पूरी सहानुभूति है। जोगी परिवार का इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना से कोई लेना-देना नहीं है।
यह भी पढ़ेंः छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम रमन सिंह का पीए नाबालिग से रेप के आरोप में गिरफ्तार












Click it and Unblock the Notifications