CG Election: प्रथम चरण के लिए नामांकन की प्रकिया शुरू, जगदलपुर में पहले दिन 3 उम्मीदवारों ने खरीदा फार्म
JAGDALPUR VIDHANSABHA: छत्तीसगढ़ में दो चरणों में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन की प्रकिया शुरू हो गई है। शुक्रवार से प्रथम चरण के लिए नाम निर्देशन फॉर्म खरीदने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। विधानसभा चुनाव के मैदान में कांग्रेस,भाजपा समेत कई अन्य राजनीतिक दलों के प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमाने के लिए मैदान में कूद चुके हैं। ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ में प्रथम चरण का मतदान 7 नवंबर और दूसरे चरण का मतदान 17 नवबंर को होगा।

शुक्रवार को जगदलपुर में भी नामांकन फॉर्म खरीदने के दौरान काफी गहमागहमी देखी गई। यहां पहले दिन ही चर्चित कांग्रेस नेता टीवी रवि ने अपने लिए नामांकन खरीदा है, इसके साथ ही आम आदमी पार्टी के जगदलपुर उम्मीदवार नरेंद्र भवानी व चित्रकोट क्षेत्र से बोमड़ाराम ने भी नामांकन पहले दिन खरीदा। नामांकन फॉर्म खरीदने के पहले दिन कुल 3 उम्मीदवारों ने अपने लिए नामांकन खरीदकर चुनावी दंगल में खड़े होने के लिए खुद को तैयार कर लिया है।
टीवी रवि ने दिखाया बगावती रूप
कांग्रेस नेता टीवी रवि के नामांकन फॉर्म खरीदने के कई मायने सामने आने लगे हैं। चर्चा है कि विधायक पद के उम्मीदवार सर्वे सूची में नहीं होने की वजह से वह बगावत करने की तैयारी में हैं। हालांकि पहले की प्रक्रिया में उन्होंने अपना आवेदन ब्लॉक अध्यक्ष को सौंपा था। कांग्रेस की सूची में रवि का नाम नहीं होने के चलते अब वे निर्दलीय चुनावी मैदान में उतर सकते हैं।
मालूम हो कि रवि पूर्व में भाजपा में भी कुछ समय के लिए रहे, जिसके बाद वे वापस कांग्रेस में शामिल हो गए। दरअसल मूल रूप से प्रॉपर्टी का काम करने वाले रवि दशकों से कांग्रेस में सक्रिय रहे हैं। वहीं जगदलपुर-रावघाट रेललाइन में जमीन अधिग्रहण के भ्रष्टाचार में भी उनका नाम शामिल हुआ था। इसके बाद अब वे कांग्रेस से बगावत कर चुनावी दंगल में उतरने के लिए तैयार होते दिखने लगे हैं।
आप नेता नरेंद्र भवानी ने खरीदा नामांकन फार्म
इधर आम आदमी पार्टी से जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए नरेंद्र भवानी को टिकट दी गई है। ऐसे में उन्होंने भी शुक्रवार को कलेक्टोरेट पहुंचकर नामांकन खरीदा है। मालूम हो कि नरेंद्र पूर्व में कांग्रेस कार्यकर्ता थे, लेकिन जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जोगी (जेसीसीजे) में शामिल हो गए। यहां काम करने के बाद वे आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। इस बीच अवैध उगाही के एक मामले में उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था। वहीं आम आदमी पार्टी से ही चित्रकोट क्षेत्र से बोमड़ाराम ने नामांकन फॉर्म खरीदा है।
विधानसभा चुनाव की कवायद के दौरान पूरे कलेक्टोरेट को चाक-चौबंद कर दिया गया है। राजनीतिक दलों की अनावश्यक भीड़ को रोकने के लिए कलेक्टोरेट परिसर को बैरिकेटिंग कर घेर दिया गया है। इसके साथ ही जवानों को भी तैनात किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications