छत्तीसगढ़ः बेटे ने पीने का नहीं दिया पानी तो पिता ने गला दबाकर मार दिया, चादर में छिपा दी लाश
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में हत्या का एक दर्दनाक मामला प्रकाश में आया है, जहां एक पिता ने अपने 13 साल के बेटे को मौत के घाट उतार दिया। घटना धमतरी जिले के भेंडरी गांव की है। में एक पिता ने अपने 13 साल के इकलौते बेटे की सिर्फ इसलिए हत्या कर दी क्योंकि बेटे ने पिता के पानी मांगने पर उन्हें पानी नहीं दिया था। मगरलोड थाना पुलिस ने हत्या के आरोपी पिता परमेश्वर साहू को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

ये घटना बीते 26 अप्रैल की है, जब दोनों पैरों से दिव्यांग परमेश्वर साहू अपने घर पर ही था और उसका 13 साल का बेटा सागर भी साथ में था। पिता परमेश्वर साहू को प्यास लगी तो उसने बेटे सागर से पानी लाने को कहा लेकिन बेटे ने पिता को पानी नहीं दिया। इसके बाद परमेश्वर साहू को इतना गुस्सा आया कि उसने सागर का गला दबाकर मार डाला। वारदात को अंजाम देने के बाद परमेश्वर ने बेटे सागर की लाश को घर पर पलंग के पीछे ही छिपा कर रख दिया और चादर से ढक दिया था।
इसके बाद वो फरार होकर दूसरे गांव चला गया. हालांकि परमेश्वर ने इस घटना की सूचना अपने गांव के सरपंच को खुद ही फोन पर दी थी। सरपंच ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा सागर की लाश घर के ही कमरे में पड़ी हुई थी फिर पुलिस ने लाश का पोस्टमार्टम करा कर वापस परिजनों को सौंप दिया। वहीं पुलिस ने हत्या के आरोपी परमेश्वर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार पिता घटना को अंजाम देने के दौरान नशे में भी नहीं था। इस मामले में धमतरी जिले की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीषा ठाकुर रावटे ने बताया कि आरोपी परमेश्वर साहू को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक सागर की लाश को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications