Chhattisgarh: सीएम विष्णुदेव साय ने किया तीन लोकसभाओं का दौरा, जमकर किया बीजेपी का चुनाव प्रचार
Chhattisgarh: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को भी अपने चुनावी अभियान की तूफानी गति जारी रखी। उन्होंने रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के कापू, जांजगीर-चांपा के पहरिया और बिलासपुर के बेलगहना में भारी जनसमूह के बीच उन्होंने कांग्रेस की जमकर धुलाई की। कांग्रेस शासनकाल को शराब, कोयला, रेत, सरकारी जमीन और डीएमएफ घोटालों मे घेरते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़ को लूट कर कंगाल बना दिया। छत्तीसगढ़ को अत्याचार, भ्रष्टाचार और अपराध को गढ़ बना दिया था। साय ने केंद्र के दस वर्षों के विकास और छत्तीसगढ़ में तीन महीने में पूरी हुई मोदी की गारंटी पर भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट मांगा।
रायगढ़ के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र कापू में विष्णु देवसाय ने हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में कांग्रेस ने प्रदेश को विकास की दृष्टि से बहुत पीछे छोड़ दिया था। 36 वादे में एक भी वादे को उसने ठीक से पूरा नहीं किया। सिर्फ घोटाला किया। वे नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी में घोटाला करके गोबर का पैसा भी खा गए। उन्होंने कहा कि यही कारण था कि छत्तीसगढ़ की जनता ने पिछले चुनाव में कांग्रेस को आउट कर दिया और इस बार भी क्लीन बोल्ड होगी।

अपने पुराने संसदीय क्षेत्र रायगढ़ के धरमजयगढ़ (कापू) के लोगों से साय ने कहा कि आप सभी के आशीर्वाद से मुझे रायगढ़ लोकसभा से लगातार 20 वर्ष सांसद बनने का मौका मिला। इसके लिए आप सभी का हृदय से आभार। उन्होंने कहा कि आज मैं अपने परिवार के बीच आया हूँ और आप सभी से आग्रह करने आया हूँ कि हम सबको विकसित भारत बनाने के लिए मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना होगा। जिसके लिए आप सभी आगामी 7 मई को कमल छाप पर बटन दबाएं और राधेश्याम राठिया जी को सांसद बनाकर दिल्ली भेजें।
आंधी-तूफ़ान के बीच चलती रही जनसभा
रविवार को लगभग 12 बजे रायगढ़ संसदीय क्षेत्र के धरमजयगढ़ स्थित पहाड़ी इलाके कापू पहुंचे विष्णु देव साय को आंधी-तूफ़ान का सामना करना पड़ा। बारिश भी होती रही मगर मुख्यमंत्री और जनसभा के लिए आई भारी भीड़ पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। निर्विघ्न तरीके से मुख्यमंत्री ने अपना उद्बोधन पूरा किया।
जांजगीर-चांपा के पहरिया में मुख्यमंत्री साय ने पूर्व भूपेश सरकार को महादेव एप घोटाले में घेरा। उन्होंने सरकारी संरक्षण और सहयोग से प्रदेश में चलाए गए सट्टे-जुए के कारोबार को छत्तीसगढ़ का दुर्भाग्य बताया। भूपेश बघेल को जिम्मेदार बताते हुए उन्होंने कहा कि महादेव सट्टा एप को निर्बाध रूप से चलाने के लिए 508 करोड़ रूपये प्रोटेक्शन मनी लेने का आरोप उन पर लगा है और एफआईआर भी दर्ज हुई है। बहुत से कांग्रेसी नेताओं के ऊपर न केवल एफआईआर है बल्कि ज्यादातर जेल की चक्की पीस रहे हैं। बड़े-बड़े अधिकारी जिन्होंने भ्रष्टाचार में सरकार का सहयोग किया उन्हें डेढ़-डेढ़ साल से जमानत नहीं मिल रही है।












Click it and Unblock the Notifications