छत्तीसगढ़ में गहराया पेट्रोल-डीजल का संकट, सीएम भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार से मांगी मदद
रायपुर, जून 19। छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल का संकट लगातार गहरा रहा है। इस संकट को लेकर राज्य सरकार अब हरकत में आई है और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी को एक खत लिखकर राज्य में सप्लाई को बहाल करने की मांग की है। भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार को लिखे खत में कहा है कि राज्य में पेट्रोल-डीजल की सप्लाई नहीं होने की वजह से कृषि समेत कई आवश्यक सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं, जो सीधा लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करेंगी।

पेट्रोल पंपों पर 1-2 का बच रहा है स्टॉक
सीएम भूपेश बघेल ने चिट्ठी में कहा है कि छत्तीसगढ़ में पिछले 1-2 महीने से पेट्रोल और डीजल की सप्लाई काफी कम हुई है। इसकी वजह से राज्य के कई जिलों में पंपों पर तेल खत्म हो चुका है। सीएम ने कहा है कि राज्य में हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 750 आउटलेट्स हैं। पेट्रोल-डीजल आपूर्ति नहीं होने से उन्हें कई-कई दिनों तक बंद रखना पड़ रहा है। पेट्रोलियम कंपनियों ने पूरी समीक्षा करने के बाद पाया है कि पहले तेल का स्टॉक 3-4 दिनों का होता था, लेकिन पिछले एक-दो महीने में यह सिर्फ 1-2 का रह गया है।
राज्य में लोगों को हो रही हैं यह परेशानियां
मुख्यमंत्री ने कहा है कि खेती के लिए इस वक्त का मौसम बहुत अनुकूल है, लेकिन डीजल नहीं मिल पाने की वजह से किसानों को खेतों में पानी लगाने में दिक्कतहो रही है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में डीजल नहीं मिलने से एम्बुलेंस और परिवहन सेवाओं सहित आम लोगों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। मुख्यमंत्री ने कहा, पेट्रोल-डीजल के नियमित नहीं मिल पाने से कृषि कार्य पिछड़ जाएगा। इसकी वजह से आम जनता को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।












Click it and Unblock the Notifications