छत्तीसगढ़ः किराया नहीं देने पर मकान मालिक ने की बदसलूकी, 5 लड़कियों को बना लिया बंधक
पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के पेंड्रा जिले के गौरेला थाना क्षेत्र के सेमरा गांव में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां कुछ लड़कियों को मकान मालिक ने बंधक बना रखा था। बंधक बनाई गई लड़कियां किराया नहीं दे पाई थीं। जब लड़कियां किराया नहीं दे पाई तो मकान मालिक ने लड़कियों का सारा सामान जब्त कर उन्हें कैद कर लिया। हालांकि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लड़कियों को मुक्त कराया। इन सभी लड़कियों को प्रशासन ने अपनी निगरानी में रखा है।

मकान मालिक ने सारा सामान जब्त कर लिया
सभी पीड़ित लड़कियां एक लोकल फैक्ट्री में काम करती हैं। वे सभी गांव में एक किराये के घर में रहती हैं। लॉकडाउन होने के कारण उनका काम बंद हो गया है। लड़कियों ने बताया कि वे सभी घर निकलना चाहती थीं लेकिन मुमकिन नहीं हो पाया। मकान मालिक लगातार उनपर दबाव बनाता रहा। लड़कियों ने बताया कि जब उन्होंने मकान मालिक को बताया कि किराया देने के लिए उनके पास पैसे नहीं हैं तो मकान मालिक रसोई का सारा सामान उठा लिया।

लड़कियों को बना लिया बंधक
गैस, चूल्हा, बर्तन और सबकुछ अपने पास रख लिया। फिर सभी को कमरे में ले जाकर बंद कर दिया। सोमवार की रात करीब आठ बजे भी मकान मालिक फिरोज युवतियों से किराया मांगने लगा। जबकि उन्होंने रुपये नहीं होने की बात कही तो नाराज होकर फिरोज ने पांचों का सामान अपने पास रख लिया। इसके बाद लड़कियों ने खिड़की के जरिये लोगों से मदद मांगी। फिर फोन पर ग्राम पंचायत की सरपंच गजमती भानु से मदद मांगी।

सरपंच को फोन कर मांगी मदद
इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लड़कियों को मुक्त कराया। पुलिस मकान मालिक के विरुद्ध आगे की कार्रवाई कर रही है। साथ ही मकान मालिक फिरोज को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ धारा 341, 342 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। सरपंच सेमरा गजमती भानु ने बताया कि दूसरे जिले से यहां आकर दर्जनों युवतियां 12 मार्च से रह रही थी। इन सभी का काम शुरू हुआ था कि लॉकडाउन हो गया। जिसकी वजह से ये सभी लड़किया यहां पर फंस गई। इनमें से कुछ लड़कियों को प्रशासन की मदद से उनके घर भी छोड़ा जा चुका है












Click it and Unblock the Notifications