छत्तीसगढ़ राज्य सरकार ने आचार्य विद्यासागर महाराज के निधन पर आधे दिन का राजकीय शोक किया घोषित
आचार्य विद्यासागर जी महाराज के निधन पर छत्तीसगढ़ राज्य सरकार ने आधे दिन का राजकीय शोक घोषित कर दिया है। विश्व प्रसिद्ध जैन मुनि आचार्य विद्यासागर जी महाराज का शनिवार देर रात हुआ निधन हो गया।
जैन आचार्य विद्यासागर जी महाराज कुछ दिनों से बीमार चल रल रहे थे। डोंगरगढ़ की चंद्रगिरी में उन्होंने 77 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। इस खबर से संपूर्ण जैन समाज में शोक की लहर है। देश भर के जैन समाज और आचार्यश्री के भक्तों ने उनके सम्मान में आज एक दिन अपने प्रतिष्ठान बंद रखने का फैसला किया है।

वहीं उनके निधन पर मध्यप्रदेश राज्य सरकार ने भी आधे दिन का राजकीय शोक घोषित कर दिया है और मंत्री चेतन काश्यप डूंगरपुर जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, रविवार को उन्हें दोपहर 1 बजे पंचतत्व में विलिन किया जाएगा। आचार्य पिछले कई दिनों से बीमार थे और लगभग 6 महीने से वे डोंगरगढ़ के चंद्रगिरी में ही रुके हुए थे।
रात को सूचना मिलते ही आचार्यश्री के हजारों शिष्य डोंगरगढ के लिए रवाना हो गए। उनकी समाधि की सूचना के बाद देश के विभिन्न हिस्सों से हजारों की संख्या में अनुयायी डोंगरगढ़ की तरफ रुख कर रहे हैं। आचार्य विद्यासागर महाराज ने सल्लेखना पूर्वक समाधि के उद्देश्य से पिछले दो दिनों से अन्न जल का भी त्याग कर दिया था।
जैन समाज के प्रमुख धर्मगुरु आचार्य विद्यासागर जी महाराज थे। कुछ महीने पूर्व विधानसभा चुनाव के पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डोंगरगढ़ पहुंचकर जैन आचार्य विद्यासागर जी महाराज से मुलाकात की थी, जिसकी फोटो उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी।
पीएम मोदी ने संवेदना व्यक्त की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आचार्य विद्यासागर के निधन पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि, मेरे विचार और प्रार्थनाएँ आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज जी के अनगिनत भक्तों के साथ हैं। आने वाली पीढ़ियाँ उन्हें समाज में उनके अमूल्य योगदान के लिए याद रखेंगी, विशेषकर लोगों में आध्यात्मिक जागृति के उनके प्रयासों, गरीबी उन्मूलन, स्वास्थ्य देखभाल, शिक्षा और अन्य कार्यों के लिए। मुझे वर्षों तक उनका आशीर्वाद प्राप्त करने का गौरव प्राप्त हुआ। मैं पिछले साल के अंत में डोंगरगढ़, छत्तीसगढ़ में चंद्रगिरि जैन मंदिर की अपनी यात्रा को कभी नहीं भूल सकता। उस समय मैंने आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज जी के साथ समय बिताया था और उनका आशीर्वाद भी प्राप्त किया था।












Click it and Unblock the Notifications