CG: धान के अंतर की राशि के लिए तरसती थी कांग्रेस, विष्णुदेव साय ने किया कांग्रेस पर प्रहार
Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में होने वाले तीसरे और अंतिम चरण के चुनाव के लिए रविवार को प्रचार के अंतिम दिन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कांग्रेस पर और अधिक आक्रामक दिखे। सूरजपुर की सभा में साय जब भाषण दे रहे थे, तब मंच में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद थे। प्रचार के अंतिम दिन सीएम साय ने कहा कि कांग्रेस की सरकार थी तब किसानों को धान के अंतर की राशि को चार किश्त में तरसा-तरसा के देती थी। अब हमारी सुशासन की सरकार है एकमुश्त धान खरीदी हो रही है। क्योंकि हम जो बोलते हैं वो करते हैं, कांग्रेस पार्टी की तरह झूठ नहीं बोलते।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पांच साल छत्तीसगढ़ की जनता ने कांग्रेस पर भरोसा किया, लेकिन कांग्रेस ने अपनी जेब भरी। कांग्रेस ने प्रदेश की जनता से 36 वादे किए, जिनमें एक भी पूरा नहीं किया। पांच साल जनता के साथ धोखाधड़ी की। खनिज संसाधनों से भरपूर हमारे प्रदेश को चारागाह बनाकर भ्रष्टाचार किया। सीएम साय ने कहा कि कांग्रेस ने भ्रष्टाचार की सारी सीमाएं लांघ दी, इसलिए जनता ने उन्हें नकार दिया।

छत्तीसगढ़ की जनता ने बड़े विश्वास से कांग्रेस को सत्ता की बागडोर सौंपी थी, पांच साल क्या हुआ सभी ने देखा। मैं आप सभी से वादा करता हूं कि जनता के हक़ का जितना भ्रष्टाचार कर कांग्रेस नेताओं ने अपनी तिजोरी भरी है, उन सबकी जांच होगी दोषियों को सजा मिलेगी। भ्रष्टाचार की जांच हम कर रहे हैं, अब जल्द ही दोषी हवालात के पीछे होंगे।
यह भी पढ़ें CG: कांग्रेस के हाथ सिखों के खून से रंगे हैं, रायपुर में बोले- बीजेपी सचिव मनजिंदर सिंह सिरसा
सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि कहा कि ये चुनाव देशवासियों के हित के लिए 24 घंटे में 18 घंटे काम करने वाले मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि एक चायवाले, गरीब के बेटे मोदी जी 140 करोड़ देशवासियों के लिए दिन-रात काम करते हैं। वो देश के गांव, गरीब, मजदूर, किसान सबकी चिंता करते हैं। मोदी जी ने सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास-सबका प्रयास को मूलमंत्र मानते हुए सबका विकास किया, सबको समृद्ध बनाया। श्री साय ने लोकसभा चुनाव को मोदी जी के नेतृत्व में 2029 तक भारत को विश्व की तीसरी बड़ी आर्थिक शक्ति और 2047 तक विकसित भारत बनाने का चुनाव बताया।
विष्णुदेव साय ने अपने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि आज 4 महीने उनकी सरकार को हुए हैं। उनकी सरकार ने मोदी की गारंटी के बड़े-बड़े वादे पूरे किये हैं। शपथ लेने के दूसरे ही दिन 18 लाख प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति उन्होंने दी। 12 लाख किसानों को 2 साल का बकाया बोनस दिया। 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीद कर 3100 रूपए क्विंटल धान की कीमत दी। साय ने कहा कि न केवल समर्थन मूल्य के अंतर की राशि एकमुश्त उनकी सरकार ने किसानों के खाते में ट्रान्सफर किये वरन महिला शक्ति के लिए लागू उनकी योजना महतारी वंदन योजना के तीसरे महीने की राशि भी उनके खातों में ट्रान्सफर कर दी है। हर महीने के पहले सप्ताह को किश्त की राशि दे दी जाएगी, ये भरोसा मुख्यमंत्री ने महिलाओं को दिलाया।
उन्होंने कहा कि श्री रामलला दर्शन योजना की शुरुआत भी हो चुकी है, जिससे कि प्रदेश के रामभक्त अयोध्या में भांचा राम के दर्शन का लाभ पा रहे हैं। 5500 रूपये प्रति मानक बोरा तेंदूपत्ता खरीदने के भी आदेश दे दिए हैं और खरीदी के लिए हमनें 15 दिनों का समय भी तय कर दिया है। चरण पादुका योजना की भी पुनः शुरुआत होगी। साथ ही उन्होंने मोदी की गारंटी में जो बचे वादे हैं उनको भी सांय-सांय पूरा करने की बात कही।
यह भी पढ़ें इसलिए कांग्रेस की हो रही है दुर्गति, राधिका खेड़ा के इस्तीफे पर बोले सीएम विष्णुदेव साय












Click it and Unblock the Notifications