चूहे को मारने के लिए टमाटर के एक टुकड़े पर लगाया था जहर, गलती से खाया तो हो गई मौत
भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई जिले में लापरवाही के चलते एक युवती की जान चली गई। 20 वर्षीय पायल साहू ने चूहा मारने के लिए टमाटर के दो हिस्से किये। एक हिस्से में चूहा मारने वाला जहर मिलाया और उसे दूसरी तरफ रखकर काम में व्यस्त हो गई। इसी दौरान गलती से उसने जिस टमाटर के टुकड़े में जहर नहीं मिलाया था उसे चूहे के लिए रख दिया और जिस टुकड़े पर उसने जहर मिलाया था वह उसे अपने सलाद में खाने के लिए इस्तेमाल कर लिया। इसके बाद उसकी तबीयत खराब हो गई।

फिर उसे आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। दुर्ग के डिपरापारा निवासी पायल की तबीयत शुक्रवार की रात को खराब हुई थी। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों ने पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि टमाटर का कचूमर सलाद खाने के बाद लड़की की तबीयत खराब होने लगी थी। उनके मुताबिक युवती ने गलती से टमाटर के साथ चूहे मारने वाली दवाई खा ली थी।
लड़की ने टमाटर के दो हिस्से करने के बाद एक हिस्से को किचन में रख दिया। जबकि दूसरे हिस्से को उसने बाहर कमरे में रख दिया। किचन में रखे टमाटर के हिस्से का सलाद बनाया और खा लिया। वहीं पुलिस को इस बात की शंका है कि लड़की ने जहर खाकर खुदकुशी की है। परिजन अभी कुछ जानकारियां छिपा रहे हैं। टीआई राजेश बागड़े ने बताया कि मृतक पायल के पिता प्रीतम साहू को शनिवार सुबह तकरीबन 11 बजे अस्पताल में मौत की जानकारी मिली। पूछताछ में युवती की मां ने बताया कि घटना शुक्रवार की रात 8 बजे की है।












Click it and Unblock the Notifications