छत्तीसगढ़ में मिला ओमिक्रॉन का पहला मरीज,रायपुर समेत कई शहरों में लगा नाइट कर्फ्यू
रायपुर,05 जनवरी। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत कई शहरों में नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया है।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बुधवार को मुख्य सचिव समेत राज्य के आला अधिकारियों की बैठक लेते हुए प्रदेश के हालात पर कड़ी नजर बनाए रखने के निर्देश जारी किए हैं। हालांकि मुख्यमंत्री बघेल अधिकारियों से प्रदेश में आर्थिक गतिविधियों पर रोक नहीं लगाने के निर्देश देते हुए कहा है कि कोविड की तीसरी लहर से डरने की नहीं, सतर्क रहने की आवश्यकता है।

इस बीच महत्त्वपूर्ण बात यह है कि छत्तीसगढ़ में ओमिक्रॉन वेरिएंट के पहले मरीज की पुष्टि हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संयुक्त अरब अमीरात से लौटे बिलासपुर जिले के एक 52 वर्षीय व्यक्ति के कोरोना पीड़ित होने के बाद उसका सैंपल जिनोमिक सिक्वेंसिंग जांच के लिए इंस्टीट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज भुवनेश्वर भेजा गया था। स्वास्थ्य विभाग को आज जांच रिपोर्ट मिली है जिसमें कोविड-19 के ओमिक्रॉन वेरिएंट की पुष्टि हुई है। इधर देश मे कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के बढ़ते संक्रमण से चिंतित सीएम बघेल ने भारत सरकार से कोविड-19 की संभावित तीसरी लहर को लेकर प्रोटोकॉल जारी करने का अनुरोध भी किया है।
राजधानी रायपुर समेत कई शहरों में लगा नाइट कर्फ्यू
छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस संक्रमण बढ़ने के साथ राजधानी रायपुर समेत दुर्ग, बिलासपुर और रायगढ़ जिले में धारा 144 नाइट लागू करके कर्फ्यू लगा दिया गया है। नाइट कर्फ्यू रात 10 बजे से चालू होकर सुबह 6 बजे तक जारी रहेगा।
इन चारों जिलों में सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों को तत्काल बंद करने के आदेश जारी कर दिये गए हैं। इसके अलावा लाइब्रेरी और स्वीमिंग पूल को भी बंद रखा गया है। इन जिलों में अब किसी भी प्रकार की रैली-सभाएं, धरना-प्रदर्शन और सामाजिक कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगाया गया है। हालांकि विवाह और अंतिम संस्कार के लिए छूट दी गई है,लेकिन रात में वैवाहिक कार्यक्रम नाइट कर्फ्यू के कारण आयोजित नहीं हो पाएंगे।
यह भी पढ़े ओमिक्रॉन से चिंतित छत्तीसगढ़ सरकार,मंत्री टीएस सिंहदेव ने केंद्र से मांगी जीनोम सिक्वेंसिंग लैब
इसके अलावा छत्तीसगढ़ के सभी एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए 72 घंटे पहले का आरटीपीसीआर निगेटिव रिपोर्ट दिखाना अनिवार्य कर दिया गया है। इन प्रमुख जिलों के अलावा राज्य में जहां संक्रमण दर 4 प्रतिशत से कम है, वहां भी कुछ कड़े प्रतिबंध लागू कर दिए गए हैं।गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक दिन पहले भी बैठक लेकर काेराेना संक्रमण के हालात की समीक्षा की थी।












Click it and Unblock the Notifications