'चरित्र हनन की कोशिश', जगदलपुर में बीजेपी प्रत्याशी की घोषणा के बाद छलका पूर्व विधायक बाफना का दर्द
Chhattisgarh Election 2023: जगदलपुर। विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों की घोषणा पर असंतोष देखा जा रहा है। हाल में दंतेवाड़ा सीट पर दिवंगत विधायक भीमा मंडावी की पत्नी ओजस्वी व बेटी दीपा ने भीमा की शहादत को उचित सम्मान न दिए जाने का आरोप लगाया है, वहीं जगदलपुर के पूर्व विधायक संतोष बाफना ने भी जगदलपुर छोड़ दिया है।
हालांकि उनका कहना है कि वे अपने व्यक्तिगत व पारिवारिक कार्यों से राजस्थान जा रहे हैं, लेकिन उनके राजस्थान जाने से ठीक पहले उनके समर्थकों का बाफना से मिलने पहुंचना किसी बड़ी रणनीति की तरफ इशारा कर रहा है।

इसके साथ ही उन्होंने इस दौर को अपनी राजनीतिक पारी का अंतिम पड़ाव बताया है। इस बीच उन्होंने कई लोगों द्वारा उनके चरित्र हत्या करने का प्रयास करने का आरोप भी लगाया, लेकिन उन्होंने पार्टी द्वारा उन्हें दिए गए सम्मान पर कृतज्ञता भी जाहिर की है।
राजस्थान रवाना होने से पहले जगदलपुर के पूर्व विधायक संतोष बाफना से वन इंडिया ने बात की। चर्चा में उन्होंने बताया कि वे पारिवारिक व व्यक्तिगत कार्यों से राजस्थान जा रहे हैं और तकरीबन सप्ताह भर में वे वापस लौट आएंगे। उन्होंने कहा कि जगदलपुर विधानसभा को छोड़कर पार्टी जिस भी सीट के लिए काम करने कहेगी, वे सहर्ष इस बात को स्वीकार कर पार्टी को जीत दिलाने में जुट जाएंगे।
Recommended Video
जगदलपुर सीट के लिए काम न करने की वजह उन्होंने बताई कि वे नहीं चाहते कि जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र से कोई भी व्यक्ति उन पर ये आरोप न लगा सके कि उन्होंने पार्टी व प्रत्याशी विरोधी काम किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व में हुए नगर निगम के चुनाव में भी पूर्व महापौर प्रत्याशी उन पर पार्टी विरोधी कार्य करने का आरोप लगा चुके हैं। ऐसे में वे दोबारा इस आरोप को नहीं उठाना चाहते।
बाफना ने प्रत्याशी चयन व टिकट वितरण पर कोई भी सवाल खड़े नहीं किये हैं। उन्होंने कहा कि वे पार्टी के आला कमान पर पूर्ण आश्वस्त हैं, जिन्हें भी टिकट दी गई है, इस पर कोई संदेह नहीं है। बाफना ने भाजपा विधायक प्रत्याशी किरण देव को छोटा भाई बताते कहा कि उन्हें राजनीति में आगे बढ़ने में मदद की है, पूर्व में युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष और भाजपा जिलाध्यक्ष बनाने में भी उन्होंने पूरा समर्थन दिया है। कहीं भी कोई मतभेद की स्थिति नहीं है।
मालूम हो कि पूर्व विधायक संतोष बाफना को वर्तमान कांग्रेसी विधायक रेखचन्द जैन ने 27440 मतों से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद इस विधानसभा चुनाव से पहले करीब 3 सालों से वे पूरी सक्रियता के साथ जनहित के मुद्दे उठाते रहे हैं। विधानसभा चुनाव में टिकट की दावेदारी के साथ ही उन्होंने पुरजोर तरीके से अपना पक्ष रखा था, लेकिन पार्टी ने पूर्व महापौर रहे किरण देव को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है।
संवाद सूत्र: ऋषि भटनागर, जगदलपुर/छत्तीसगढ़












Click it and Unblock the Notifications