MP चुनाव में वोट डालने की कुशवाहा समाज को मिली सजा, दबंगों ने हल्का पानी किया बंद
Panna News: पन्ना जिले के कुशवाहा समाज को विधानसभा चुनाव में वोट डालने की सजा मिल रही है। गांव के दबंगों ने कुशवाहा समाज का हुक्का-पानी बंद कर दिया हैं। मंदिर में भगवान की प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को रोक दिया और आए दिन कुशवाहा समाज के लोगों को गाली-गलौज व धमकियां दी जा रही हैं। इसकी लिखित शिकायत कुशवाहा लोगों ने कलेक्टर से की है।
मिली जानकारी अनुसार पन्ना जिले के सिमरिया थाना अंतर्गत आने वाले बड़ी महोड़ गांव में विधानसभा चुनाव के दौरान गांव के कुशवाहा समाज द्वारा वोट डाल दिया गया था। जिसकी सजा दबंगों द्वारा दी जा रही है। दरअसल इस गांव में सर्व समाज के लोगों ने सड़क न होने का विरोध किया था। इसमें पूरे गांव ने मतदान के बहिष्कार की आवाज उठाई थी। इसके बाद जिला प्रशासन के अधिकारियों ने कुशवाहा समाज के लोगों ने बात कर सड़क बनवाने का आश्वासन दिया था।

आश्वासन के बाद कुशवाहा समाज के लोगों ने एकमत से चुनाव में मतदान किया था। इसके बाद अधिकारी तो चले गए, मतदान हो गया, हार-जीत का निर्णय भी हो गया, लेकिन सड़क नहीं बनी। इस कारण गांव के दबंग कुशवाहा समाज से नाराज हो गए।
कुशवाहा समाज के लोगों ने कहा कि हम धंधा पानी नहीं कर पा रहे। हमसे लेनदेन बंद करा दिया। हमें किराना आदि तक नहीं मिल पाता। हमारे खेतों से निकली सब्जी-भाजी को हम गांव मैं नहीं भेच पा रहे हैं।
कुशवाहा समाज कलेक्टर हरजिंदर सिंह के पास दबंगों के आतंक और वोटिंग के बाद गांव में हुक्का पानी बंद करने की शिकायत लेकर पहुंचे थे। पत्रकारों को जानकारी देते हुए पीड़ित जुग्गी कुशवाहा, मना बाई, चंद्रभान कुशवाहा ने बताया कि हमने तहसीलदार व एसडीएम के आश्वासन के बाद मतदान किया था। अब गांव के दबंग हमें गाली-गलौज करते हैं, धमकियां भी मिल रही हैं। मतदान के कारण पूरे समाज की अन्य समाजों से दुश्मनी हो गई। निजी जमीन पर हमने भगवान शिव का मंदिर बनवाया है। इसमें दबंगों ने ताला डालकर भगवान की प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा तक रोक दी गई है। मामले में कलेक्टर ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को समझाइश देकर सुलह करा दी है। हालांकि प्रशासन पूरे मामले और गांव पर नजर बनाए हुए है।












Click it and Unblock the Notifications