Vande Bharat: वंदे भारत से दिल्ली से खजुराहो का सफर 8 घंटे में, जानें शेड्यूल और किराया
Vande Bharat Express: लोकसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजुराहो को वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात मिलने जा रही है। हजरत निजामुद्दीन से खजुराहो के लिए वन्दे भारत एक्सप्रेस शुरू होगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 12 मार्च को इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
बता दें कि खजुराहो भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा का संसदीय क्षेत्र है। भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें फिर से इस सीट के लिए प्रत्याशी बनाया है। वंदे भारत ट्रेन का रूट भी फाइनल हो गया है। यह ट्रेन सप्ताह में 6 दिन चलेगी। सोमवार को ट्रेन का संचालन नहीं होगा।

12 मार्च से दौड़ने जा रही खजुराहो निजामुद्दीन वंदे भारत एक्सप्रेस हजरत निजामुद्दीन (दिल्ली) स्टेशन से चलकर सीधे ग्वालियर, झांसी, ललितपुर, टीकमगढ़, छतरपुर होते हुए खजुराहो पहुंचेगी। इस ट्रेन का आगरा और मथुरा स्टेशन पर स्टॉपेट नहीं रखा गया है। अभी भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन से हजरत निजामुद्दीन स्टेशन के बीच वंदे भारत चल रही है। लेकिन इसका ललितपुर में स्टॉपेज नहीं है।
रेलवे ने खजुराहो निजामुद्दीन वंदे भारत एक्सप्रेस को ऑरेंज लिवरी कलर दिया है। ये कलर ट्रेन को काफी आधुनिकता प्रदान करता है। ऐसा प्रतीत होता है कि आप किसी विदेशी ट्रेन में सफर कर रहे हो, वैसे वर्तमान में चलने वाली सभी वंदे भारत ट्रेनें नीले सफेद रंग में दिखती हैं। इस ट्रेन के जरिए आप चंदेलकालीन मंदिरों के दर्शन कर सकेंगे। ट्रेन में टूरिस्टों के लिए गाइड भी लगाये जायेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने खजुराहो संसदीय क्षेत्र को बड़ी सौगात दी है।खजुराहो-निजामुद्दीन के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस चलेगी। इस ट्रेन को 12 मार्च को प्रधानमंत्री मोदी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। वंदे भारत एक्सप्रेस के चलने से इस क्षेत्र के पर्यटन को और बढ़ावा मिलने की संभावना है। खजुराहो राष्ट्रीय राजमार्गों के साथ हवाई मार्ग और रेल मार्ग से भी जुड़ा है।
दिल्ली और खजुराहो पहुंचने का टाइम
वंदे भारत एक्सप्रेस(22470) दिल्ली से सुबह 6 बजे चलकर आगरा, ग्वालियर, झांसी, ललितपुर, टीकमगढ़, छतरपुर होते हुए 2:20 बजे खजुराहो पहुंचेगी। यहां आधे घंटे के रुकने के बाद 2: 50 पर यहां से प्रस्थान कर रात 11 बजे दिल्ली पहुंचेगी। ट्रेन सोमवार को छोड़ सप्ताह के बाकी सभी दिनों में संचालित होगी।












Click it and Unblock the Notifications