Chhatarpur: बुंदेलखंड में दूसरे मेडिकल कॉलेज का निर्माण शुरू, जमीन के सारे अड़ंगे समाप्त
छतरपुर गौरगांय में मुख्यमार्ग के पास मेडिकल कॉलेज के लिए चिन्हित जमीन पर मेडिकल कॉलेज भवन के निर्माण का काम प्रारंभ हो गया है। चिन्हित जमीन से संबंधित सारे विवादों का कोर्ट से निराकरण होने के बाद काम प्रारंभ किया गया।

कलेक्टर संदीप जीआर के निर्देशन में मेडिकल कॉलेज भवन के निर्माण का काम प्रारंभ कराया है। निर्माण एजेंसी पीआईयू द्वारा गौरगांय गांव में साइट पर मशीनों से काम प्रारंभ हो गया है। जिला स्तरीय प्रशासनिक अधिकारियों ने मेडिकल कालेज का स्थल का मुआयना किया। मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए जरूरी हर सुविधा के क्लियरेंस के लिए सम्बंधित विभाग को निर्देश दिए गए। इस दौरान एसडीएम विनय द्विवेदी, ईई पीआईयू मयंक शुक्ला एवं राजस्व विभाग का अमला मौजूद था।

गौरतलब है कि छतरपुर मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति मिलने के बाद लंबे समय से निर्माण कार्य शुरू न होने के कारण विभिन्न मंचों एवं स्थानीय लोगों द्वारा निर्माण कार्य शुरू करने के लिए मांग की जा रही थी। बीते रोज मेडिकल कॉलेज संघर्ष मोर्चा ने डॉ. सुभाष चौकी अगुवाई में कलेक्टर संदीप जीआर से मुलाकात कर मेडिकल कॉलेज के लिए आवंटित भूमि पर लगा हाईकोर्ट का स्थगन आदेश समाप्त हो जाने के बाद अब मेडिकल कॉलेज के भवन निर्माण का काम शीघ्र शुरू की अपील की थी। कलेक्टर ने बताया कि जिला न्यायालय में इससे संबंधित प्रकरण में जिला प्रशासन पूरी सजगता से पैरवी कर रहा है, इतना ही नहीं सुप्रीम कोर्ट में केवियट दायर की जा रही है।
Recommended Video

सभी अटकलों पर लगा विराम
अभी तक मेडिकल कॉलेज को लेकर अटकलों का दौर चल रहा था लेकिन हाईकोर्ट के निर्णय के बाद निर्माणकार्य का रास्ता साफ हो गया। आपको बता दें कि पांच साल पहले विधानसभा चुनाव के पूर्व आनन- फानन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा वर्ष 2018 में गौरगांय में मेडिकल कॉलेज भवन के लिए शिलान्यास किया गया था लेकिन जिस जमीन पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण होना था उसके लिए टेंडर भी हो चुके थे परंतु कुछ लोगों ने हाईकोर्ट से स्थगन प्राप्त कर लिया था। तमाम अड़चनों के कारण यह निर्माणकार्य शुरू नहीं हो सका था। अब हाईकोर्ट से हरी झण्डी मिलने पर निर्माणकार्य पुनः शुरू कर दिया गया है | जिससे सभी अटकलों पर विराम लग गया।












Click it and Unblock the Notifications