IAS की ईमानदारी खरीदने नोटों की गड्डी लेकर पहुंचा टीचर, पुलिस बुलाकर मैडम ने ऐसे सिखाया सबक
IAS Tapasya Parihar: मध्य प्रदेश के छतरपुर से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया। निलंबित शिक्षक विशाल अस्थाना एक आवेदन लेकर जिला पंचायत सीईओ के कार्यालय पहुंच गया।
जांच को ठंडे बस्ते में डालने के लिए जिला पंचायत सीईओ तपस्या परिहार को 50 हजार रुपये की रिश्वत बंद लिफाफे में देने का प्रयास करने लगा। लेकिन आईएएस अधिकारी ने शिक्षक को गिरफ्तार कर थाने पहुंचा दिया।

दरअसल, निलंबित शिक्षक विशाल अस्थाना अपनी जांच को ठंडे बस्ते में डालने और बहाली के लिए जिला पंचायत सीईओ तपस्या परिहार को आवेदन पत्र के साथ 50 हजार रुपये से भरा रिश्वत का लिफाफा देने पहुंच गया।
मामले की गंभीरता को समझते हुए जिला पंचायत सीईओ ने तुरंत सिटी कोतवाली पुलिस को फोन कर बुलाया और शिक्षक को रिश्वत का लिफाफा सहित पुलिस के हवाले कर दिया। अब कोतवाली पुलिस जिला पंचायत सीईओ की शिकायत पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के अनुसार, जिले में सटई संकुल के कुपिया गांव स्थित माध्यमिक स्कूल में टीचर विशाल अस्थाना कार्यरत है। विधानसभा चुनाव के दौरान यह शिक्षक लगातार अपनी नौकरी से गायब रहा। इस दौरान उसने चुनाव संबंधी प्रशिक्षण में भी भाग नहीं लिया। लगातार लापरवाही करने पर कलेक्टर संदीप जीआर ने शिक्षक विशाल अस्थाना को निलंबित कर दिया।
तब से विशाल अस्थाना अपनी बहाली के लिए प्रयास कर रहा था। 30 जनवरी मंगलवार की शाम 5 बजे अचानक यह शिक्षक जिला पंचायत सीईओ तपस्या परिहार के कक्ष में पहुंचा और अपनी बहाली के लिए एक आवेदन दिया। साथ ही 50 हजार रुपए से भरा लिफाफा जिला पंचायत सीईओ के चेंबर पर रख दिया।
शिक्षक की यह हरकत देखकर पहले तो उन्होंने उसे फटकार लगाई इसके बाद पुलिस को बुला ली। सिटी कोतवाली टीआई अरविंद कुजूर टीम के साथ जिला पंचायत पहुंचे। चेंबर पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने इस शिक्षक को खुलेआम जिला पंचायत सीईओ को रिश्वत देने के मामले में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शिक्षक पर आईएएस अधिकारी को रिश्वत देने का मामला दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
आईएएस तपस्या परिहार की गिनती मध्य प्रदेश चर्चित आईएएस अधिकारियों में की जाती है। आईएएस तपस्या परिहार नरसिंहपुर जिले से हैं। 2017 में यूपीएससी पास करने वाली आईएएस तपस्या किसान परिवार से आती हैं। आईएएस तपस्या परिहार ने साल 2021 में आईएफएस गर्वित गंगवार से विवाह की थी। उनकी शादी काफी सुर्खियों में रही। दरअसल, तपस्या ने पिता को दहेज लेने से साफ इनकार कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications