MP News: मंदिर में ताला जड़कर शिव मूर्ति के प्राण प्रतिष्ठा पर लगाई रोक, समाज का गांव में हुक्का पानी भी बंद
Madhya Pradesh News: अयोध्या में 500 सालों के लंबे इंतजार के बाद भगवान रामलला का मंदिर बनकर तैयार हो चुका है। 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होगी। इसे लेकर पूरे देश में उत्साह का माहौल है।
लेकिन मध्य प्रदेश के कुशवाहा समाज के लोग पन्ना कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि दबंग लोगों ने मंदिर के गेट पर ताला लगा दिया है। उसे खुलवाया जाए। मंदिर में भगवान शिव जी मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा करनी है। उन्होंने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। मामला सिमरिया थाना के ग्राम बड़ी महोड़ का है।

बतादें कि बड़ी महोड़ में सड़क नहीं होने के कारण विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान गांव वालों ने रोड नहीं तो वोट नहीं की तर्ज पर मतदान का बहिष्कार किया गया था।
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के मतदान दिनांक को तहसीलदार और एसडीएम की समझाईस पर कुशवाहा समाज के लोग मतदान के लिए तैयार हो गए और वोट डाल दिए। लेकिन दूसरे समाज के लोग तैयार नहीं हुए और ना ही मतदान किया।
कुशवाहा समाज के द्वारा वोट डालने के बाद अब गांव के दबंगों द्वारा ऐसा प्रतिबंध लगाया गया है कि गांव का कोई भी व्यक्ति कुशवाहा समाज के लोगों की सब्जी भाजी नहीं खरीदता और ना ही कोई दुकानदार उन्हें अपनी सामग्री बेचता, शादी विवाह के निमंत्रण भी छुड़वा दिए हैं।
आए दिन रास्ता रोक कर गाली गलौज एवं जान से मारने की धमकी दी जा रही है। कुल मिला कर कुशवाहा समाज के लोगों का पूरी तरह से हुक्का पानी बंद कर दिया गया है।
कुशवाहा समाज के लोगों के द्वारा निजी जमीन पर बनवाए गए भगवान शिव के मंदिर में ताला लगा कर मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा भी रोक दी गई है। जिससे मूर्ति मंदिर के बाहर रखी है। गांव के रसूखदारों ने कुशवाहा समाज के लोग का जीना दूभर कर दिया गया है। जसके चलते 9 जनवरी मंगलवार को ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंप कर कार्रवाई की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications