ओवैसी के बाद भाजपा नेता खुशबू सुंदर को बनाया हैकर्स ने निशाना, ट्विटर अकाउंट हैक
चेन्नई, 20 जुलाई: हाल ही में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन का ट्विटर अकाउंट 18 जुलाई को हैक करने की घटना सामने आई थी। वहीं एक बार फिर ऐसी ही घटना दोहराई गई है। इस बार हैकर्स ने तमिलनाडु की बीजेपी नेता और एक्ट्रेस खुशबू सुंदर को अपना निशाना बनाया है। उनका ट्विटर अकाउंट हैक कर लिया गया है, जिसके बाद आज दोपहर को वह तमिलनाडु के डीजीपी से मुलाकात करेंगी और हैकिंग की शिकायत करेंगी।

उनके अकाउंट को हैक करके हैकर ने briann लिख दिया है। साथ ही फोटो भी कुछ अजीब ड्रैगन जैसी लगा दी है। अभिनेत्री और भाजपा नेता खुशबू सुंदर ने बताया कि मंगलवार को उनका ट्विटर अकाउंट हैक कर लिया गया है। इसके साथ ही उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि हैकर ने उनके सभी ट्वीट डिलीट या आर्काइव (संरक्षित) कर लिए गए हैं। इसका इस्तेमाल किसी भी राष्ट्र विरोधी गतिविधि के लिए नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने अपने बयान में कहा कि पिछले कुछ दिनों से उनके अकाउंट से किए जा रहे ट्वीट या कोई भी गतिविधि उनके तरफ से नहीं की गई है। बीजेपी नेता ने बताया कि मेरा ट्विटर अकाउंट तीन दिन पहले हैक हो गया था, इसलिए उसकी उस पर होने वाली कोई भी हलचल मेरी नहीं है।
वहीं इससे पहले 18 जुलाई को ऐसी ही घटना ओवैसी की पार्टी AIMIM के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट के साथ भी की गई थी। हैकर्स ने उनकी पार्टी की प्रोफाइल में टेस्ला के मालिक एलन मस्क की फोटो लगा दी थी, जिसके बाद ट्विटर ने अस्थाई रूप से उनका अकाउंट बैन कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications