पीएम मोदी ने जलियांवाला बाग के नए परिसर को किया देश को समर्पित, कहा- नया परिसर नई पीढ़ी को प्रेरणा देगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जलियांवाला बाग के नए स्मारक का उद्घाटन किया।
चंडीगढ़, 28 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जलियांवाला बाग के नए स्मारक का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह नया परिसर नई पीढ़ी को प्रेरणा देगा। उन्होंने आगे कहा कि विभाजन के दौरान और बाद में जो कुछ भी हुआ वह देश के कोने-कोने में और खासकर पंजाब में देखा जा सकता है। हमने भारत के लोगों के दर्द और पीड़ा को याद करने के लिए 14 अगस्त को विभाजन भयावह स्मरण दिवस के रूप में चिह्नित किया है।
Recommended Video

आदिवासी संग्रहालयों पर चल रहा काम
इस मौके पर पीएम ने कहा हमारे आदिवासी समुदाय ने स्वतंत्रता संग्राम में एक प्रमुख भूमिका निभाई, लेकिन उनके बलिदानों का इतिहास की किताबों में उस हद तक उल्लेख नहीं किया गया, जिसके वे हकदार थे। देश के 9 राज्यों में आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष को प्रदर्शित करने के लिए संग्रहालयों पर काम चल रहा है।
जलियांवाला बाग के नए परिसर के उद्घाटन के अवसर पर पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा जलियांवाला बाग मेमोरियल को आने वाली पीढ़ियों के लिए शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक विरोध के लोगों के अधिकार के बारे में एक अनुस्मारक के रूप में काम करना चाहिए।इस मौके पर पीएमओ ने कहा लंबे समय से बेकार पड़ी और कम उपयोग वाली इमारतों का दोबारा अनुकूल इस्तेमाल सुनिश्चित करते हुए चार संग्रहालय दीर्घाएं निर्मित की गई हैं। ये दीर्घाएं उस अवधि के दौरान पंजाब में घटित विभिन्न घटनाओं के विशेष ऐतिहासिक महत्व को दर्शाती हैं। इन घटनाओं को दिखाने के लिए श्रव्य-दृश्य प्रौद्योगिकी के माध्यम से प्रस्तुति दी जाएगी, जिसमें मैपिंग और थ्री डी चित्रण के साथ-साथ कला एवं मूर्तिकला अधिष्ठापन भी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: कोरोना से ठीक हुए लोगों के लिए Covaxin की एक खुराक पर्याप्त हो सकती है: ICMR
बाग में स्थित ज्वाला स्मारक की फिर से मरम्मत की गई है और वहां स्थित तालाब को एक लिली तालाब के रूप में फिर से विकसित किया गया है। इसके अलावा लोगों की सुविधा के लिए रास्तों को चौड़ा भी किया गया है। इसके अलावा मोक्ष स्थल, अमर ज्योति और ध्वज मस्तूल को समाहित करने के लिए अनेक नए क्षेत्रों का विकास किया गया है। इस कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति मंत्री, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री, संस्कृति राज्य मंत्री, पंजाब के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री, हरियाणा, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री, पंजाब के सभी लोकसभा व राज्यसभा सांसद और जलियांवाला बाग राष्ट्रीय स्मारक न्यास के सदस्य शामिल हुए।












Click it and Unblock the Notifications