हरियाणा में ‘मेगा वैक्सीन दिवस' अभियान के तहत 3.85 लाख से ज्यादा लोगों को दी गई वैक्सीन
चंडीगढ़। हरियाणा में कोरोना वायरस का संक्रमण फैलने से रोकने के लिए हरियाणा स्वास्थ्य विभाग की ओर से 'मेगा वैक्सीन दिवस' अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत छह दिनों में 3,85,103 लोगों को कोविड-19 वैक्सीन की डोज दी गई। विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा सप्ताह के दो दिनों में 'मेगा वैक्सीन दिवस' शुरू करने की अवधारणा से काफी फायदा हुआ है।

राजीव अरोड़ा ने कहा कि, स्वास्थ्य विभाग द्वारा 14,581 लोगों को शनिवार के दिन वैक्सीन की डोज दी गई। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व, 'मेगा वैक्सीन दिवस' अभियान के तहत 15 मार्च को 1,58,901, 16 मार्च को 67,650, 17 मार्च को 14,199, 18 मार्च को 68,858 तथा 19 मार्च को 60,944 लोगों को वैक्सीन की डोज दी गई। उन्होंने बताया कि 1,75,736 हेल्थ केयर वर्कर्स, जो कि कुल हेल्थ केयर वर्कर्स का करीब 80 प्रतिशत है, को वैक्सीन की पहली डोज तथा 1,05,210 हेल्थ केयर वर्कर्स, जो कि कुल हेल्थ केयर वर्कर्स की करीब 60 प्रतिशत हैं, को दूसरी डोज दी गई।

राजीव अरोड़ा ने आगे बताया कि 93,371 फ्रंटलाइन वर्कर्स, जो कि कुल फ्रंटलाइन वर्कर्स की करीब 69 प्रतिशत है, को पहली डोज तथा 28,426 फ्रंटलाइन वर्कर्स, जो कि कुल फ्रंटलाइन वर्कर्स की 30 प्रतिशत है, को वैक्सीन की दूसरी डोज दी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि अन्य 5,04,735 लोगों को भी वैक्सीन की पहली डोज दी गई, इनमें 60 वर्ष से ऊपर, 45 से 60 वर्ष की आयु के बीच (सह-रुग्णता वाले) तथा सामान्य नागरिक शामिल हैं। राजीव अरोड़ा ने यह भी बताया कि विभाग टीकाकरण अभियान को तेज करने की योजना बना रहा है और निकट भविष्य में और अधिक लोगों को वैक्सीन दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications