UP: चंदौली में अचानक दो एसआई की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल ले जाते समय हो गई मौत
UP News: यूपी के चंदौली में अचानक दो एसआई की तबीयत बिगड़ गई। साथ में आए लोग उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे, इसी बीच दोनों की मौत हो गई।
UP Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली में अचानक तबीयत खराब होने से दो एसआई की मौत हो गई। जब उनकी तबीयत बिगड़ी तो आनन-फानन में लोग दोनों को अस्पताल ले गए, अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों की मौत हो गई। मौत से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
दरअसल, चंदौली जनपद के बबुरी थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर रविंदर सिंह (56) सोमवार सायं काल अपने क्षेत्र में ड्यूटी करने के बाद वापस लौटे। थाने पर वापस लौटने के बाद अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। उनके साथ के लोग तत्काल उन्हें चंदौली स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे।

अस्पताल में उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने हायर हॉस्पिटल में उपचार के लिए रेफर कर दिया। रात करीब 12:00 बजे थानाध्यक्ष व अन्य पुलिसकर्मी उन्हें लेकर वाराणसी के बीएचयू ट्रामा सेंटर जा रहे थे। बीएचयू ट्रामा सेंटर में पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
रविंदर सिंह मूल रूप से जौनपुर जनपद के सुरेरी इलाके के रहने वाले थे। साथी पुलिसकर्मियों द्वारा बताया गया कि रविंद्र सिंह को तीन बेटियां व एक बेटा है। मौत की सूचना परिजनों को दे दी गई थी और मंगलवार की सुबह परिजन भी चंदौली पहुंच गए थे।
इसी तरह चंदौली जनपद के पुलिस लाइन में तैनात 58 वर्षीय सब इंस्पेक्टर रामाश्रय की तबीयत भी सोमवार को अचानक खराब हो गई। तबीयत खराब होने के चलते साथी पुलिसकर्मी उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे। अस्पताल पहुंचने से पहले ही रामाश्रय की भी मौत हो गई।
मृत सब इंस्पेक्टर रामाश्रय मूल रूप से बलिया जनपद के उभांव थाना क्षेत्र के बांसपार, बहोखा गांव के रहने वाले थे। एक ही दिन चंदौली जनपद में एक साथ दो सब इंस्पेक्टर की मौत हो जाने के चलते पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। कुछ लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी और हिटवेव के चलते दोनों सब इंस्पेक्टर बीमार हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications