अमेरिका-चीन, अरब समेत 12 देशों की नोटों के साथ युवक यूपी में रेलवे स्टेशन पर पकड़ा
चंदौली। उत्तर प्रदेश में चंदौली के डीडीयू जंक्शन पर जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने चेकिंग के दौरान एक ऐसे युवक को पकड़ा, जिसके बैग में एक दर्जन देशों के मुद्रा भरी हुई थी। विदेशी करेंसी के साथ ही उसके पास बड़ी मात्रा में भारतीय नोट भी थे।

अधिकारियों ने बताया कि, पकड़ा गया युवक यूपी के देवरिया जिले के भटनी इलाके का निवासी है। वह गोरखपुर से दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन होते हुए कोलकाता के लिए निकला था। चेकिंग के दौरान दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर-2 से उसे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ शुरू कर दी गई। साथ ही इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को भी सूचना दे दी गई।

जीआरपी के एक आॅफिसर के मुताबिक, युवक से जो नोट मिले हैं, उनकी कीमत करीब 1 करोड़ रुपए है। आशंका है कि इन नोटों का कनेक्शन हवाला से जुड़ा हो सकता है और या फिर नेपाल के जरिए पहुंचाए गए होंगे। सभी बिन्दुओं पर जांच की जा रही है। बैग से नोट निकालकर जब गिनती की गई तो उसमें 48 लाख 50 हजार भारतीय नोट और एक दर्जन देशों के विदेशी नोट मिले। भारतीय रुपए में यह राशि 41 लाख 84 हजार रुपए बैठी।

इन विदेशी नोटों में अमेरिका, चीन, यूरोप, ब्रिटेन, सऊदी अरब, बहरीन, कुवैत, थाईलैंड सहित एक दर्जन देशों के नोट शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications