UPI Scam: एक साल में 95000 लोगों के उड़े पैसे, जानिए कैसे खुद को बचाएं ऑनलाइन ठगी से
UPI पर फर्जीवाड़ा लगातार बढ़ रहा है। सरकार की ओर से जो आंकड़ा जारी किया गया है उसके अनुसार पिछले साल 95000 लोगों के साथ यूपीआई के जरिए फर्जीवाड़ा हुआ है।

UPI Scam: एक तरफ जहां बड़ी संख्या में लोग डिजिटल लेनदेन कर रहे हैं तो दूसरी तरफ कुछ ऐसे लोग भी हैं जो लोगों के साथ डिजिटल लेनदेन में फर्जीवाड़ा कर रहे हैं। ऑनलाइन शॉपिंग, हॉलिडे प्लानिंग, फूड ऑर्डर, ग्रॉसरी ऑर्डर समेत तमाम चीजों के लिए डिजिटल लेनदेन किया जा रहा है।
लगाई जा रही है चपत
लेकिन अगर आप डिजिटल लेनदेन करते हैं तो आपको बेहद सावधान रहने की जरूरत है, जरा सी चूक से आपको बड़ी चपत लग सकती है। यूपीआई के जरिए पेमेंट में कई बड़े फर्जीवाड़े सामने आए हैं। व्हाट्सएप स्कैम, पार्ट टाइम जॉप स्कैम, मूवी स्कैम के जरिए लोगों को चपत लगाई जा रही है।
हजारों के साथ फर्जीवाड़ा
सरकार की ओर से जो आंकड़े जारी किए गए हैं उसके अनुसार वित्त वर्ष 2021-22 में 84000 यूपीआई फ्रॉड के मामले सामने आए हैं जबकि 2020-21 में 77000 यूपीआई फर्जीवाड़े के मामले सामने आए हैं। वित्त मंत्रालय के अनुसार वित्त वर्ष 2022-23 में 95000 यूपीआई फर्जीवाड़े के मामले सामने आए हैं।
यूपीआई से फर्जीवाड़ा बढ़ा
रिपोर्ट के अनुसार कोरोना काल के बाद यह फर्जीवाड़ा बढ़ा है क्योंकि अधिक से अधिक लोग यूपीआई का इस्तेमाल कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस का कहना है कि स्कैमर लोगों से फोन में सॉफ्टवेयर डाउनलोड कराते हैं, जैसे ही यूजर यह करता है हैकर फोन पर नियंत्रण पा लेते हैं और उनका ई वैलेट खाली कर देते हैं।
कस्टमर केयर से रहें सावधान
अधिकतर मामलों में स्कैमर खुद को कस्टमर केयर का आदमी बताते हैं, लोगों को उनका वैलेड ब्लॉक करने की धमकी देते हैं। उनसे केवाई के लिए पैन कार्ड आधार कार्ड की जानकारी मांगते हैं।
फर्जी यूपीआई लिंक से फर्जीवाड़ा
फर्जीवाड़ा करने वाले ग्राहकों को फोन करके कहते हैं कि गलती से उनके यूपीआई में उन्होंने पैसा भेज दिया है। आपात स्थिति में ये लोग कॉल करते हैं और कहते हैं कि मेरा पैसा वापस कर दीजिए। इसके लिए वो फर्जी यूपीआई लिंक देते हैं। जैसे ही आप इसको अपने फोन पर स्वीकार करते हैं स्कैमर आपके वैलेट से पैसा उड़ा लेता है।
क्यूआर कोड से फर्जीवाड़ा
कुछ इसी तरह से स्कैम करने वाले आपसे क्यूआर कोड भेजते हैं और कहते हैं कि आपके इस क्यूआर कोड को स्कैन करिए। जैसे ही यूजर इस क्यूआर कोड को स्कैन करते हैं तो आपको यूपीआई पिन डालने के लिए कहा जाता है, जैसे ही आप इसे डालते हैं आपके पैसे उड़ जाते हैं।
फर्जीवाड़े से कैसे बचें
सबसे जरूरी बात है कि सभी फर्जीवाड़ा करने वाले आपसे या तो ओटीपी मांगेंगे या फिर आपसे यूपीआई पिन डालने के लिए कहेंगे। ऐसे में आप किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ इन दोनों जानकारी को कभी भी साझा ना करें। किसी भी लेनदेन को करने से पहले उसकी पड़ताल करें। जिसे पैसा भेज रहे हैं उसकी पड़ताल करें, सुरक्षा के मानकों को लेकर खुद को अपडेट रखें।












Click it and Unblock the Notifications