बेरोजगारी दर मार्च 2021 के बाद अपने सबसे निचले स्तर पर, जानिए किस राज्य में सर्वाधिक रोजगार
नई दिल्ली, 03 फरवरी। भारत में बेरोजगारी की दर में गिरावट दर्ज की गई है। सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकोनॉमी की रिपोर्ट के अनुसार भारत में बेरोजगारी दर जनवरी माह में घटकर 6.57 फीसदी तक पहुंच गई है। जोकि मार्च 2021 के बाद से सबसे कम है। सीएमआईई के आंकड़े के अनुसार शहरी भारत में बेरोजगारी दर जनवरी माह में 8.16 फीसदी है जबकि ग्रामीण इलाकों में यह सबसे कम 5.84 फीसदी है। दिसंबर में बेरोजगारी दर की बात करें तो यह 7.91 फीसदी थी, शहरी इलाकों में यह 9.30 तो ग्रामीण इलाकों में 7.18 फीसद थी।

जनवरी माह में तेलंगाना में सबसे कम बेरोजगारी दर .07 फीसदी दर्ज की गई है। इसके बाद गुजरात का नंबर आता है यहां 1.2 फीसदी, मेघालय में 1.5 फीसदी, ओडिशा में 1.8 फीसदी है। हरियाणा में सबसे अधिक बेरोजगारी दर है, यहां पर बेरोजगारी दर 23.4 फीसदी है, इसके बाद राजस्थान में यह 18.9 फीसदी है। आंकड़ों के अनुसार दिसंबर 2021 में भारत में बेरोजगारों की कुल संख्या तकरीबन 5.3 करोड़ है जिसमे एक बड़ी संख्या महिलाओं की है।
सीएमआईई के एमडी और सीईओ महेश व्यास ने बताया कि दिसंबर 2021 में 35 मिलियन लोग सक्रिय रूप से नौकरी की तलाश कर रहे थे जिसमे से 23 फीसदी यानि तकरीबन 8 मिलियन महिलाएं हैं। व्यास ने कहा कि काफी जरूरी है कि उन 17 मिलियन लोगों को भी रोजगार मुहैया कराया जाए जिनके पास रोजगार नहीं है लेकिन काम उपलब्ध होने पर नौकरी के इच्छुक हैं। हालांकि ये लोग सक्रिय रूप से नौकरी की तलाश नहीं कर रहे हैं लेकिन मौका मिलने पर नौकरी करने के इच्छुक हैं।












Click it and Unblock the Notifications