हफ्ते के पहले दिन गिरावट के साथ खुला शेयर बाजार, 453.46 अंक लुढ़का सेंसेक्स
हफ्ते के पहले दिन शेयर मार्केट में धीमी शुरुआत देखने को मिली। कारोबार शुरू होते ही सेंसेक्स में 453.46 अंकों की गिरावट आई।

हफ्ते के पहले कारोबारी दिन घरेलू शेयर बाजार को झटका लगा, जहां सेंसेक्स में 453.46 अंकों की गिरावट के साथ 57,536.44 अंकों पर कारोबार की शुरुआत हुई। वहीं दूसरी ओर निफ्टी में 138.40 अंकों की गिरावट आई। फिलहाल बाजार खुलने के बाद 16,961.65 अंकों पर कारोबार हो रहा था।
दरअसल पिछले हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को बाजार तेजी के साथ बंद हुआ था। ऐसे में लोगों को सोमवार को अच्छी शुरुआत की उम्मीद थी, लेकिन बाजार खुलते ही झटका लगा। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन शेयर बाजार की चौतरफा बिकवाली के कारण सेंसेक्स गिरा। इसका सबसे ज्यादा प्रभाव आईटी, बैंकिंग और मेटल सेक्टर पर नजर आया।
अडानी की 10 कंपनी के शेयर गिरे
सुबह साढ़े 9 बजे के करीब अडानी ग्रुप के 10 शेयरों में गिरावट देखने को मिली, जहां अडानी एंटरप्राइजेज में -2.53 प्रतिशत, अडानी ट्रांसमिशन में -2.19 प्रतिशत, अडानी पोर्ट में -1.34 प्रतिशत, अडानी पावर में -3.18 प्रतिशत की गिरावट हुई।
रुपये में देखने को मिली मजबूती
हफ्ते के पहले कारोबारी दिन डॉलर के मुकाबले रुपये में मजबूती देखने को मिली। सुबह के वक्त रुपया 10 पैसे की मजबूती के साथ 82.45 रुपये के स्तर पर खुला, जबकि वो शुक्रवार को 15 पैसे की मजबूती के साथ 82.55 रुपये के स्तर पर बंद हुआ था।
आगे कैसे रहेगा कारोबार?
एक्सपर्ट के मुताबिक 21-22 मार्च को फेडरल ओपेन मार्केट केमेटी (एफओएमसी) की अहम बैठक होने वाली है। उस पर सभी की नजर टिकी हुई है। ये बैठक ही आगे की दिशा तय करेगी। वहीं कच्चे तेल के दाम से भी बाजार को दिशा मिलेगी। कुछ एक्सपर्ट्स ये भी कह रहे कि अमेरिका में सिलिकॉन वैली बैंक और न्यूयार्क के सिग्नेचन बैंक में जो संकट आया है, उससे निवेशक परेशान हैं। इस वजह से वो शेयर बेच रहे और मार्केट में गिरावट देखने को मिल रही।












Click it and Unblock the Notifications