Stock Market: आज बंद है शेयर बाजार? मुहूर्त ट्रेडिंग के टाइम में भी बदलाव, चेक करें मार्केट का पूरा शेड्यूल
Stock Market: इस साल दिवाली के मौके पर भारतीय शेयर बाजार का जोश हाई है। लेकिन निवेशकों के मन में एक ही सवाल है, आखिर लक्ष्मी पूजा के दिन बाज़ार खुलेगा या बंद रहेगा? साल 2025 का फेस्टिव कैलेंडर थोड़ा कन्फ्यूजन पैदा कर रहा है। क्योंकि कई जगह सोमवार को दिवाली मनाई जा रही है, जबकि स्टॉक एक्सचेंज का आधिकारिक छुट्टी मंगलवार को है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने इस खास मौके के लिए अपना पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है।
इसमें ट्रेडिंग के समय से लेकर मुहूर्त ट्रेडिंग की शुभ घड़ी तक, सभी जरूरी जानकारी शामिल है। इस आर्टिकल में हम आपको इस त्योहार के दौरान बाजार की छुट्टियों और सबसे ख़ास 'मुहूर्त ट्रेडिंग' के बारे में विस्तार से बता रहे हैं। जिसका समय इस बार शाम से बदलकर दोपहर कर दिया गया है। शेयर बाजार का यह 'पक्का' कैलेंडर आपको अपने निवेश की योजना बनाने में मदद करेगा।

20 को खुला है शेयर बाजार?
देशभर में दिवाली लक्ष्मी पूजा सोमवार, 20 अक्टूबर को मनाई जा रही है, लेकिन शेयर बाजार ने इस दिन छुट्टी नहीं रखी है। इसका मतलब है कि 20 अक्टूबर, 2025 को सामान्य कारोबार के लिए बाजार खुला रहेगा। इस दिन ट्रेडिंग का समय सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक रेगुलर रहेगा, जिसमें सुबह 9:00 बजे से 9:15 बजे तक का प्री-ओपन सेशन भी शामिल है।
ये भी पढ़ें: Gold Rate: सस्ता हो गया सोना-चांदी, खरीदारी से पहले चेक कीजिए गोल्ड के लेटेस्ट रेट
मुहूर्त ट्रेडिंग: शुभ घड़ी और नई टाइमिंग
शेयर बाजार की आधिकारिक छुट्टी मंगलवार, 21 अक्टूबर को रहेगी। इस दिन सामान्य कारोबार बंद रहेगा, लेकिन नए संवत की शुरुआत के लिए 'मुहूरत ट्रेडिंग' आयोजित की जाएगी। यह विशेष सत्र केवल 1 घंटे का होगा। 21 अक्टूबर को मुहूर्त ट्रेडिंग का पूरा शेड्यूल इस प्रकार है:
- प्री-ओपन सेशन दोपहर 1:30 बजे से 1:45 बजे तक (15 मिनट) चलेगा
- मुख्य ट्रेडिंग समय दोपहर 1:45 बजे से 2:45 बजे तक (1 घंटा) रहेगा।
- ट्रेड बंद होने के बाद, पोस्ट-क्लोज मॉडिफिकेशन 2:55 बजे तक किए जा सकते हैं।
ख़ास बात यह है कि यह सेशन सालों से चली आ रही शाम की परंपरा को तोड़कर इस बार दोपहर में आयोजित किया जा रहा है।
मुहूर्त ट्रेडिंग का महत्व और सेटलमेंट
यह मुहूर्त ट्रेडिंग की परंपरा 1957 से चली आ रही है। निवेशक इसे समृद्धि और सौभाग्य लाने वाला मानते हैं और नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के रूप में देखते हैं। कोई भी सक्रिय डीमैट अकाउंट वाला निवेशक इस सेशन में हिस्सा ले सकता है।
ऑर्डर के साइज़ की कोई लिमिट नहीं है, यानि आप एक शेयर भी खरीद सकते हैं। साथ ही, यह भी जानना ज़रूरी है कि 20 अक्टूबर और 21 अक्टूबर (मुहूरत ट्रेडिंग) को किए गए सभी इक्विटी डिलीवरी ऑर्डर्स का निपटारा 23 अक्टूबर को किया जाएगा।
कमोडिटी मार्केट (MCX) का शेड्यूल
दिवाली के कारण बाजार अगले दो दिन बंद रहेंगे। दिवाली की छुट्टी के बाद, बुधवार, 22 अक्टूबर को भी 'दिवाली बलिप्रतिपदा' के कारण बाजार बंद रहेगा। दिवाली के बाद, अगली छुट्टी 5 नवंबर, 2025 को गुरु नानक देव प्रकाश पर्व के कारण है, और साल 2025 की आखिरी छुट्टी 25 दिसंबर को क्रिसमस के कारण होगी।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) के शेड्यूल की बात करें, तो यह 21 अक्टूबर को दिवाली लक्ष्मी पूजन के लिए पूरे दिन बंद रहेगा। हालांकि, 22 अक्टूबर को यह सुबह के सेशन में बंद रहेगा, लेकिन शाम के सेशन के लिए खुलेगा। MCX पर भी 21 अक्टूबर को मुहूर्त ट्रेडिंग आयोजित की जाएगी। यह जानकारी निवेशकों को अपने दिवाली ट्रेडिंग की योजना बनाने में मदद करेगी।
ये भी पढ़ें: Ration Card eKYC: घर बैठे कैसे पूरी करें राशन कार्ड की केवाईसी प्रक्रिया? इसके बिना नहीं मिलेगा योजना का लाभ












Click it and Unblock the Notifications