डाउनलोड स्पीड के मामले में जियो ने सभी कंपनियों को किया पीछे, 18.16 एमबीपीएस की दे रहा स्पीड
रिलांयस जियो ने डाउनलोडिंग स्पीड के मामले में देश की बाकी सभी कंपनियों को पीछे छोड़ दिया है। कोई अन्य कंपनी इसकी आधी डाउनलोडिंग स्पीड भी नहीं दे पा रही है।
नई दिल्ली। जहां एक ओर रिलायंस जियो अपने मुफ्त के ऑफर से सभी टेलिकॉम कंपनियों के ग्राहकों को अपनी ओर खींच रहा है, वहीं दूसरी ओर अब उसने इंटरनेट स्पीड के मामले में भी सबको मात दे दी है। दूरसंचार नियामक ट्राई के ताजा आंकड़ों के अनुसार दिसंबर मे रिलायंस जियो ने सबसे अधिक इंटरनेट स्पीड दी है। दिसंबर में रिलायंस जियो ने औसतन 18.16 एमबीपीएस की डाउनलोडिंग स्पीड दी है। आपको बता दें कि रिलायंस जियो सितंबर 2016 में लॉन्च शुरू हुआ था और उस समय इसकी औसतन स्पीड 7.26 एमबीपीएस थी, जो नवंबर में घटकर 5.85 फीसदी हो गई। इसके बाद रिलायंस जियो ने भी अपने इंफ्रास्ट्रक्चर को और मजबूत किया और अब अन्य सभी कंपनियों को पछाड़ दिया है।

ट्राई द्वारा मासिक आधार पर ये आंकड़े जारी किए जाते हैं, जिससे पता चलता है कि किसी मोबाइल टेलिकॉम कंपनी द्वारा कितनी इंटरनेट स्पीड मुहैया कराई जा रही है। अन्य कंपनियों की बात की जाए तो वोडाफोन के नेटवर्क पर औसत स्पीड 6.7 एमबीपीएस रही जो नवंबर में 4.9 एमबीपीएस थी। इसके अलावा, आइडिया सेल्युलर की औसत स्पीड 5.03 एमबीपीएस रही, जबकि भारती एयरटेल की स्पीड 4.68 एमबीपीएस रही। वहीं एयरसेल के नेटवर्क पर तीन एमबीपीएस और रिलायंस कम्युनिकेशन के नेटवर्क पर औसत डाउनलोड स्पीड 2.6 एमबीपीएस रही। आपको बता दें कि ट्राई अपने मायस्पीड ऐप का इस्तेमाल करके देश भर के ग्राहकों के मोबाइल डेटा संबंधी आंकड़ों के आधार पर औसत स्पीड निकालता है।
ये भी पढ़ें- Amazon ही नहीं और भी ई-कॉमर्स कंपनियां कर रही हैं तिरंगे का अपमान
रिलायंस जियो की तरफ से दिए जा रहे मुफ्त ऑफर को भी कंपनी 31 मार्च तक बढ़ा चुकी है, लेकिन इस बार कंपनी ने डेटा की सीमा कम कर दी है। पहले वाले ऑफर में रिलायंस जियो पर रोजना 4 जीबी तक इंटरनेट डेटा का इस्तेमाल करने की छूट थी, लेकिन अब इसे घटाकर 1 जीबी रोजाना कर दिया गया है। माना जा रहा है रिलायंस जियो के इस कदम से जियो की डाउनलोडिंग स्पीड और बढ़ेगी।












Click it and Unblock the Notifications