'2 हजार रुपए के 97.38 फीसदी नोट बैंकिंग सिस्टम में वापस लौटे', न्यू ईयर पर RBI का ऐलान
भारतीय रिजर्व बैंक ( आरबीआई) ने सोमवार को कहा कि 2,000 रुपये के लगभग 97.38 फीसदी बैंक नोट बैंकिंग सिस्टम में वापस आ गए हैं। केवल 9,330 करोड़ रुपये मूल्य के नोट अभी भी जनता के पास हैं। याद रहे कि 19 मई को आरबीआई ने 2,000 रुपये के बैंक नोटों को प्रचलन से वापस लेने की घोषणा की थी।
RBI ने एक बयान जारी कर कहा कि प्रचलन में 2,000 रुपये के बैंक नोटों का कुल मूल्य, जो 19 मई, 2023 को कारोबार की समाप्ति पर 3.56 लाख करोड़ रुपये था, जब 2,000 रुपये के बैंक नोटों को वापस लेने की घोषणा की गई थी, दिसंबर में कारोबार की समाप्ति पर घटकर 9,330 करोड़ रुपये हो गया है। हालांकि, आरबीआई ने यह भी बताया कि 2 हजार के नोट अभी भी वैध मुद्रा बनी हुई है।

बैंक नोट जमा या बदले जा सकते हैं
लोग देश भर के 19 आरबीआई कार्यालयों में 2,000 रुपये के बैंक नोट जमा या बदल सकते हैं। लोग भारत में अपने बैंक खातों में क्रेडिट के लिए किसी भी डाकघर से आरबीआई के किसी भी जारी कार्यालय में इंडिया पोस्ट के माध्यम से 2,000 रुपये के बैंक नोट भेज सकते हैं। ऐसे नोट रखने वाली जनता और संस्थाओं को शुरू में 30 सितंबर तक इन्हें बदलने या बैंक खातों में जमा करने के लिए कहा गया था। बाद में समय सीमा 7 अक्टूबर तक बढ़ा दी गई थी। बैंक शाखाओं में जमा और विनिमय सेवाएं 7 अक्टूबर को बंद कर दी गई थीं।
8 अक्टूबर से, व्यक्तियों को आरबीआई के 19 कार्यालयों में मुद्रा का आदान-प्रदान करने या उनके बैंक खातों में समतुल्य राशि जमा करने का विकल्प प्रदान किया गया है। इस बीच, 2,000 रुपये के नोटों को बदलने/जमा करने के लिए आरबीआई की शाखाओं में लंबी-लंबी कतारें देखी गईं।
इन 19 आरबीआई कार्यालयों में नोट बदले या जमा करें
अहमदाबाद, बेंगलुरु, बेलापुर, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, चेन्नई, गुवाहाटी, हैदराबाद, जयपुर, जम्मू, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, नई दिल्ली, पटना और तिरुवनंतपुरम शहरों में स्थित आरबीआई के कार्यालयों में नोट जमा किए जा सकते हैं। आपको बता दें कि 2,000 रुपये के बैंक नोट नवंबर 2016 में तत्कालीन प्रचलित 1,000 रुपये और 500 रुपये के बैंक नोटों के विमुद्रीकरण के बाद पेश किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications