Rakesh Jhunjhunwala Net Worth : शेयर बाजार के किंग, 5000 से बनाए हजारों करोड़ रुपए, जानिए कितनी है संपत्ति
नई दिल्ली। शेयर बाजार के दिग्गज निवेशक राकेश झुनझुनवाला ने बाजार में निवेश के जरिए कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। महज 5000 रुपए के निवेश के साथ शेयर बाजार में शुरुआत करने वाले राकेश झुनझुनवाला आज हजारो करोड़ के मालिक है। वहीं, शेयर बाजार में निवेश के बाद अब राकेश झुनझुनवाला एयरलाइंस के बिजनेस में उतरने जा रहे हैं। राकेश झुनझुनवाला के पिता बॉम्बे में इंन्कम टैक्स कमिश्नर थे और खुद राकेश झुनझुनवाला ने सीए की पढ़ाई की है। आईए डालते हैं एक नजर भारत के वॉरेन बफेट की जिन्होंने शेयर बाजार इतने करोड़ कमाए जितना कि आप और हम सिर्फ सपने में सोच सकते हैं।

जब BSE था 150, झुनझुनवाला ने बाजार में रखा कदम
राकेश झुनझुनवाला को लोग भारत का वॉरेन बफेट कहते हैं। शेयर बाजार में निवेश की बात करें तो राकेश झुनझुनवाला ने 1985 में इसमे कदम रखा था जब वह कॉले में थे। उस वक्त बीएसई सेंसेक्स 150 अंक के आस-पास था। उस समय राकेश झुनझुनवाला ने सिर्फ 5000 रुपए से शेयर बाजार में निवेश की शुरुआत की थी। फोर्ब्स की रिपोर्ट के अनुसार राकेश झुनझुनवाला की कुल आय इस समय 4.6 बिलियन डॉलर यानि 34,387 करोड़ रुपए है।

टाटा चाय ने दिलाई पहली सफलता
राकेश झुनझुनवाला को शेयर बाजार में पहली बड़ी सफलता टाटा टीम से मिली जहां उन्होंने 1986 में पांछ लाख रुपए का निवेश किया था। उन्होंने 5000 शेयर टाटा टी के 43 रुपए के दाम से खरीदे थे जिसकी कीमत बढ़कर 143 रुपए तक पहुंच गई और वो भी सिर्फ तीन महीने के भीतर। यानि निवेश की कुल राशि को राकेश झुनझुनवाला ने सिर्फ तीन महीने में तकरीबन तीन गुना कर दिया था।

हर्षद मेहता स्कैम के बाद कमाई
हर्षद मेहता के दिनों में बिग बुल बाजार पर काफी हावी था, लेकिन 1992 के बाद जब मेहता स्कैम सामने आया उसके बाद राकेश झुनझुनवाला ने स्टॉक शॉर्ट करके बड़ी कमाई की थी। उन्होंने खुद इस बात को एक इंटरव्यू में स्वीकार किया था कि वह बीयर ग्रुप के सदस्य थे और शॉर्ट सेलिंग से काफी कमाई की थी। उस दौर में दो गुट शेयर बाजार पर राज करते थे बियर और बुल।

ब्लैक कोबरा के साथी
बियर गुट शेयर के दाम कम करने की कोशिश करता था जबकि बुल गुट उसे बढ़ाने की कोशिश करता था। मनु मानेक को ब्लैक कोबरा के तौर पर जाना जाता था, उनके फॉलोवर्स में राधाकिशन दमानिया, राकेश झुनझुनवाला जैसे लोग थे। लेकिन जब 1992 में पत्रकार सुचेता दलाल ने हर्षद मेहता घोटाले का खुलासा किया तो उसके बाद शेयर बाजार 1992 में बुरी तरह से क्रैश कर गया था।

पत्नी के नाम और खुद के नाम से बनाई कंपनी
राकेश राधेश्याम झुनझुनवाला की शादी रेखा झुनझुनवाला से हुई जोकि खुद भी शेयर मार्केट में निवेशक थीं। 2003 में राकेश झुनझुनवाला ने खुद की एक कंपनी रेर इंटरप्राइजेस की शुरुआत की, जिसे राकेश और रेखा के पहले शब्द को लेकर बनाया गया था। यानि रारे इंटरप्राइजेस। इसी कंपनी के तहत राकेश झुनझुनवाला खुद ही शेयर बाजार में निवेश करते हैं।

इन कंपनियों में है 19 हजार करोड़ का निवेश
31 मार्च 2021 की तिमाही तक के आंकड़ों की बात करें तो झुनझुनवाला के पास कुल 37 स्टॉक हैं, जिसमे टाइटन कंपनी, टाटा मोटर्स, क्रिसिल, ल्युपिन, फोर्टिस हेल्थकेयर, नजारा टेक्नोलॉजीस, फेडरल बैंक, डेल्टा कॉर्पोरेशन, डीबी रिएलिटी, टाटा कम्युनिकेशन के 19695.3 करोड़ रुपए का निवेश है। उन्होंने सबसे बड़ा निवेश टाइटन कंपनी में किया था, जिसमे कुल निवेश 7879 करोड़ रुपए का है। इसके बाद टाटा मोटर्स में उन्होंने 1474.4 करोड़ रुपए का निवेश और क्रिसिल में 1063.2 करोड़ रुपए का निवेश है.

देश की विकास को लेकर कही ये बात
राकेश झुनझुनवाला बैंकिंग सेक्टर को लेकर इस समय काफी बुलिश हैं। एक टीवी इंटरव्यू में राकेश झुनझुनवाला ने कहा था कि जो बैंक अक्षम हैं उनका कोस्ट-इन्कम रेशियो काफी ज्यादा है जोकि बहुत तेजी से गिरेगा। इसके साथ ही उन्होंने इस बात की भी आशंका जताई है कि भारत 14-15 फीसदी की नॉमिनल डीजीपी की दर से ग्रोथ करेगा जबकि इस साल 10-12 फीसदी की रफ्तार से देश में विकास होगा। यही नहीं झुनझुनवाला ने कहा था कि महामारी का शेयर बाजार पर कोई असर नहीं होगा। भारत की अर्थव्यवस्था इस तरह की चुनौतियों के लिए बेहतर तरीके से तैयार है।












Click it and Unblock the Notifications