बैंकों से अधिक ब्याज मिल रहा पेटीएम पर, ऐसे खोलें अपना खाता
नई दिल्ली। इस साल की शुरुआत में ही पेटीएम की तरफ से पेमेंट बैंक लॉन्च किया गया था। मई महीने में कंपनी की तरफ से यह घोषणा की गई थी कि इस साल के अंत तक इसे लाइव कर दिया जाएगा और अब कंपनी ने इसे लाइव कर भी दिया है। सभी भारतीय ग्राहक अब पेटीएम के पेमेंट बैंक में अपना खाता खोल सकते हैं और इसके फायदों से लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए आपको पेटीएम का अपडेटेड वर्जन डाउनलोड करना होगा।

बैंकों से अधिक मिलेगा ब्याज
पिछले कुछ सप्ताह के दौरान भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक, पीएनबी और बैंक ऑफ इंडिया जैसे बड़े बैंकों ने सेविंग खातों पर एक निश्चित सीमा तक की जमा राशि पर ब्याज दर घटा दी है। जो ब्याज दर पहले 4 फीसदी थी, उसे बैंकों ने घटाकर 3.5 फीसदी कर दिया है। वहीं दूसरी ओर, पेटीएम के पेमेंट बैंक पर आपको सेविंग खातों पर 4 फीसदी की दर से ब्याज मिलेगा। ऐसे में किसी बैंक में खाता खोलने से अच्छा उपाय साबित होगा पेटीएम पर खाता खोलना। हालांकि, एयरटेल के पेमेंट बैंक पर आपको 7.5 फीसदी ब्याज दिया जा रहा है।

क्या है पेटीएम पेमेंट बैंक की शर्त?
पेटीएम के पेमेंट बैंक में आप कम से कम जितना चाहें रुपया रख लें, यानी कि मिनिमन बैलेंस का कोई झंझट यहां नहीं है। वहीं दूसरी ओर, अगर आप अधिक पैसे रखना चाहते हैं तो आपको सोचना होगा। पेटीएम के पेमेंट बैंक में आप अपने सेविंग खाते में सिर्फ एक लाख रुपए तक ही रख सकते हैं। यह भी बताया जा रहा है कि पेटीएम पेमेंट बैंक से आप पैसे भी ट्रांसफर कर सकेंगे, जिसके लिए आपको कोई चार्ज नहीं देना होगा।

आधार-पैन वेरिफिकेशन जरूरी
पेटीएम का एक वेरिफाइड यूजर होने के लिए आपको अपने आधार कार्ड और पैन कार्ड को वेरिफाई करवाना होगा। यहां आपको बताते चलें कि जिन ग्राहकों का अकाउंट केवायसी द्वारा वेरिफाइड नहीं होगा, उनके ऐप में पेमेंट बैंक नजर नहीं आएगा।

ऐसे खोलें अपना बचत खाता
सबसे पहले आपको पेटीएम का वर्जन 6.0.0 इंस्टॉल करना होगा। इसके बाद ऐप में लॉगिन करें और प्रोफाइल सेक्शन में जाएं। यहां पर आपको माय सेविंग अकाउंट नाम का मेन्यू दिखेगा, जिस पर क्लिक करें और बताए गए स्टेप फॉलो करें। इतना करते ही आपको बचत खाता खुल जाएगा। इसके बाद आपको एक वर्चुअल पेटीएम पेमेंट बैंक रूपे कार्ड मिल जाएगा। आपका बैंक खाता आपका मोबाइल नंबर होगा।












Click it and Unblock the Notifications