Bitcoin से नजर हटाइए, इस डिजिटल टोकन ने 2021 में दिया 360% रिटर्न
नई दिल्ली, 4 मई। जो जरा भी क्रिप्टोकरेंसी के बारे में जानता है वह बिटकॉइन को जरूर जानता होगा। दुनिया की सबसे बड़ी डिजिटल टोकन में निवेशकों की भूख के चलते ही इसने पिछले महीने की रिकॉर्ड 64,000 डॉलर की कीमत का आंकड़ा छूकर इतिहास रच दिया था। डिजिटल करेंसी के 2 ट्रिलियन के बाजार में 1 ट्रिलियन डॉलर मार्केट कैप के साथ बिटकॉइन का जलवा है और यह क्रिप्टोकरेंसी मार्केट की लीडर बनी हुई है। लेकिन अब एक और क्रिप्टोकरेंसी है जिसने बाजार में तेजी से अपने कदम आगे बढ़ाए हैं और साल 2021 में 300% से ज्यादा का रिटर्न देकर निवेशकों की पसंद बनती जा रही है।

इस क्रिप्टोकरेंसी का नाम है ईथर जिसे एथेरियम ब्लॉकचेन ने तैयार किया है। ईथर ने सोमवार को 3000 डॉलर की कीमत का रिकॉर्ड आंकड़ा छूने के बाद मंगलवार को एक और छलांग लगाई है। 24 घंटे के अंदर 10 प्रतिशत की बढ़त हासिल करने वाली ईथर मंगलवार दोपहर 12 बजे के करीब 3380 डॉलर पर ट्रेड कर रही थी।
बिटकॉइन के बाद दूसरी सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी ईथर ने साल 2021 में 360 प्रतिशत की बढ़त हासिल की है। पिछले सात दिनों में एथेरियम ने 30 प्रतिशत की छलांग भरी है।
बिटकॉइन में गिरावट
दूसरी ओर पिछले कुछ समय से मुश्किल देख रही सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन में मंगलवार को 3 प्रतिशत की गिरावट देखी गई थी। मंगलवार दोपहर तक बिटकॉइन 56,105 पर कारोबार कर रही थी।
वहीं एक अन्य क्रिप्टोकरेंसी डोजकॉइन ने भी मंगलवार को लगभग 15 प्रतिशत की बढ़त हासिल की। पिछले सात दिनों में डोजकॉइन ने लगभग 62 प्रतिशत की बढ़त हासिल की है।
वहीं क्रिप्टो ट्रेडर्स एथेरियम ब्लॉकचेन में अपग्रेड के रूप में इसे और अधिक उपयोगी बना रहे हैं।
पिछले साल से क्रिप्टो मार्केट में तेजी
पिछले साल जब कोरोना महामारी पूरी दुनिया में पैर पसार रही थी उसी समय क्रिप्टोकरेंसी में निवेशकों की दिलचस्पी तेजी से बढ़ी थी। टेस्ला जैसे बड़े निवेशक ने 2021 की शुरुआत में बिटकॉइन में डेढ़ अरब डॉलर का निवेश किया। इसका असर ये रहा कि बिटकॉइन ने पहली बार 50,000 हजार डॉलर का आंकड़ा क्रॉस कर लिया। अमेरिका में कोविड राहत पैकेज पर राष्ट्रपति जो बाइडेन के हस्ताक्षर के बाद एक बार फिर से उसने उछाल पकड़ी और 60 हजार डॉलर का आंकड़ा छुआ। तेजी से बढ़ती क्रिप्टो मार्केट को देखते हुए विश्लेषक बिटकॉइन को मुद्रा स्फीति के समय सोने के विकल्प के रूप में भी देखते हैं।












Click it and Unblock the Notifications