बेमौसम बारिश ने बर्बाद की खरीफ फसल, बढ़ सकती है महंगाई: SBI Research
देश के अलग-अलग हिस्सों में जिस तरह से बारिश ने खेती को प्रभावित किया है उसका काफी असर फसल पर देखने को मिल रहा है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया रिसर्च ने अपना इकोरैप रिपोर्ट में कहा है कि देश में अक्टूबर माह में हुई बेमौसम बारिश का फसल पर काफी नकारात्मक असर हो सकता है, जिसकी वजह से आने वाले महीनों में महंगाई देखने को मिल सकती है। रिपोर्ट में कहा गया है कि खरीफ फसल को बेमौसम बारिश की वजह से सबसे ज्यादा असर हुआ है। खरीफ फसल की बुआई मानसून में जून-जुलाई माह में होती है, जबकि फसल की कटाई अक्टूबर-नवंबर माह में होती है।

400 फीसदी अधिक बारिश
रिपोर्ट में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में बेमौसम बारिश सामान्य से 400 फीसदी अधिक हुई है। भारत में सामान्य से 54 फीसदी अधिक बारिश अक्टूबर माह में हुई है। ऐसे में अनाज और सब्जियों के दाम में, दूध, दाल और खाने के तेल के दाम में आने वाले महीनों में बढ़ोत्तरी हो सकती है। कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स में भी बढ़ोत्तरी देखने को मिल सकती है।
सामान्य से कहीं अधिक बारिश
वर्ष 2019 में भारत में अक्टूबर माह में बारिश सामान्य से 44 फीसदी हुई थी। ऐसे में इस बार सामान्य से अधिक बेमौसम बारिश का असर फसल पर देखने को मिलेगा, जिसका सीधा असर खाद्य उत्पादों के दाम में देखने को मिलेगा। भारत में सितंबर माह में रिटेल महंगाई दर 7.41 फीसदी हो गई थी, जबकि यह अगस्त में यह 7 फीसदी थी। बता दें कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने अपने निश्चित समय से इतर 3 नवंबर को मौद्रिक नीति की बैठक बुलाई है।
यूपी में 35 जिलों ने मांगा मुआवजा
उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेमौसम हुई बारिश के चलते फसल को हुए नुकसान की भरपाई का भरोसा दिया है। सभी जिलों में नुकसान का सर्वे किया जा रहा है। जिलाधिकारियों की रिपोर्ट मिलने के बाद 36 जिलों से मुआवजे की मांग हो चुकी है। राहत आयुक्त प्रभु एन सिंह ने बताया कि किसानों का जो भी नुकसान हुआ है उसकी भरपाई सरकार करेगी। मुआवजे के लिए जो डिमांड आई है उसका परीक्षण किया जा रहा है। सर्वे के बाद मुआवजे की राशि को भेजा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications