ट्रेन टिकटों को लेकर रेलवे ने दी सफाई, IRCTC से इस तारीख के टिकट करवा सकेंगे बुक
नई दिल्ली। लॉकडाउन की वजह से रेलवे का परिचालन बंद है। 14 अप्रैल तक मालगाड़ी को छोड़कर सभी ट्रेनें बंद है। ऐसे में लॉकडाउन के बाद 15 अप्रैल से ट्रेन टिकटों की बुकिंग बहाल होने की खबरों को लेकर रेलवे ने जानकारी दी है। भाकरतीय रेलवे ने टिकट रिजर्वेशन को लेकर जानकारी देते हुए कहा है कि 14 अप्रैल तक के सफर को लेकर ही रिजर्वेशन पर रोक लगी थी।

रेलवे ने टिकटों की बुकिंग को लेकर दी ये सफाई
रेलवे ने मीडिया में आ रही खबरों पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि ट्रेनों के रिजर्वेशन पर कभी रोक लगी ही नहीं थी। रेलवे ने कहा कि रिजर्वेशन कराने पर रोक कभी लगी ही नहीं थी. मतलब ये कि जब रोक ही नहीं लगाई गई तो रिजर्वेशन खुलने का सवाल कहां से उठता है। 15 अप्रैल से रिजर्वेशन खुलने की बात पर सफाई देते हुए रेलवे ने कहा कि ट्रे्नों की सर्विस 14 अप्रैल तक के लिए रोकी गई है, रिजर्वेशन पर कभी रोक नहीं लगाई गई है। ऐसे में 15 अप्रैल से रिजर्वेशन खुलने का सवाल नहीं उठता है।

120 दिन पहले होती है बुकिंग
रेलवे ने साफ किया है कि मौजूदा नियम के तहत यात्रा की तिथि से 120 दिन पहले रिजर्वेशन की सुविधा मिलती है। इस नियम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसी नियम के तहत 15 अप्रैल और इससे आगे की तिथियों की यात्रा के लिए टिकटों की बुकिंग की सुविधा दी जा रही है।

14 अप्रैल तक ट्रेन सेवा ठप
हालांकि रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक ट्रेनों के परिचालन का फैसला रेलवे बोर्ड लेती है। रिजर्वेशन का मतलब ये नहीं है कि 15 अप्रैल से ट्रेनों का परिचालन शुरू हो जाएगा। ट्रेनें 15 अप्रैल से चलेंगी या नहीं ये फैसला पूरी तरह से रेलवे बोर्ड लेगी। गौरतलब है कि रेलवे की पैसेंजर सेवाएं 22 मार्च को लॉकडाउन की घोषणा के बाद से रोक दी है। ये रोक 14 अप्रैल तक जारी रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications