आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज़ के बोर्ड में दोबारा नियुक्त की गईं चंदा कोचर
मुंबई। आईसीआईसीआई बैंक ने अंदरुनी विरोध के बीच चंदा कोचर को एक बार फिर से सिक्योरिटीज बोर्ड का डायरेक्टर नियुक्त किया है। आईसीआईसीआई बैंक की गुरुवार को हुई सालाना बैठक में इस बारे में फैसला लिया गया। बता दें कि चंदा कोचर पर अपने पति और भाई की कंपनी को निजी फायदा पहुंचाने के आरोल लगे थे। जिसके बाद बैंक ने उन्हें लंबी छुट्टी पर भेज दिया था। गौरतलब है कि आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज़ में बैंक की करीब 80% हिस्सेदारी है।

बैंक ने प्रॉक्सी एडवाइजरी कंपनियों के विरोध के बावजूद चंदा कोचर को उसके बोर्ड में बनाए रखने के पक्ष में वोट डाला। वीडियोकॉन को ऋण देने में नियमों के उल्लंघन के आरोपों को लेकर जारी जांच के चलते कोचर 19 जून से ही छुट्टी पर हैं। कॉरपोरेट गवर्नेंस एक्टिविस्टों ने इस मामले में कोचर को समर्थन देने को लेकर ICICI बैंक की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि बैंक का आचरण इस मामले में कॉरपोरेट गवर्नेंस के लिहाज से आदर्श नहीं माना जा सकता।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोचर ने आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज के निदेशक मंडल में अपना कार्यकाल खत्म होने से पहले ही आवेदन किया था। जिसके बाद आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज की 2017- 18 की वार्षिक रिपोर्ट में कहा गया था कि चंदा कोचर ने निदेशक मंडल में फिर से नियुक्ति के लिए खुद को पेश किया है। जिसके बाद कोचर को सिक्योरिटीज बोर्ड का डायरेक्टर नियुक्त किया गया।
बता दें कि चंदा कोचर की वापसी के बाद से आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज के शेयरों में गिरावट देखने को मिली थी। वहीं आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में उछाल देखने को मिला। चंदा कोचर की नियुक्ति पर बैंक बोर्ड के ही कई सदस्य सवाल खड़ा कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications