मिस्त्री को निकाले जाने के बाद उनके चुने हुए एचआर प्रमुख ने दिया इस्तीफा
इस इस्तीफे को ऐसे भी देखा जा रहा है कि सायरस को निकाले जाने के बाद राजन टाटा ग्रुप का पहला शिकार हैं।
मुंबई। सायरस मिस्त्री की विदाई क्या हुआ, कंपनी में उसका असर दिखना भी शुरू हो गया है। मिस्त्री को टाटा ग्रुप के चेयरमैन पद से हटाए जाने के बाद अब उनके द्वारा ही चुने गए एचआर प्रमुख एन एस राजन ने कंपनी से इस्तीफा दे दिया है।

यह इस्तीफा मिस्त्री को हटाने और उनके द्वारा बनाई गई ग्रुप एक्जिक्युटिव काउंसिल को भंग किए जाने के चार दिन बाद दिया गया है। राजन भी इस ग्रुप में थे और ग्रुप में नीतियों में होने वाले बदलाव पर नजर बनाए हुए थे।
भले ही राजन ने टाटा ग्रुप के प्रमुख (सीएचआरओ) के पद से इस्तीफा दे दिया है, लेकिन यह माना जा रहा है कि उनके द्वारा बनाई गई नीतियां आगे भी लागू रहेंगी। राजन ने 2013 में टाटा ग्रुप के एचआर प्रमुख के तौर पर कंपनी में शामिल हुए थे। इससे पहले वह 'ई एंड वाय' में पार्टनर और ग्लोबल लीडर थे।
राजन को करीब तीन दशकों का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने रैनबैक्सी, एशियन पेंट्स, ब्लोप्लास्ट, एबीसी कंसल्टेंट्स और एशिया ऑनलाइन जैसी इंडस्ट्री और कंसल्टिंग सेक्टर की कुछ बड़ी कंपनियों में अपनी सेवाएं दी हैं।
यह इस्तीफा उस दौरान आया है जब रतन टाटा और सायरस मिस्त्री में जंग छिड़ी हुई है। दोनों ओर से एक दूसरे पर आरोप लगाए जा रहे हैं। ऐसे में इस इस्तीफे को ऐसे भी देखा जा रहा है कि सायरस को निकाले जाने के बाद राजन टाटा ग्रुप का पहला शिकार हैं।













Click it and Unblock the Notifications