WazirX समेत देश के कई क्रिप्टो एक्सचेंज पर जीएसटी इंटेलिजेंस की छापेमारी, टैक्स चोरी का खुलासा
नई दिल्ली, 1 जनवरी: पिछले कुछ महीनों से भारत में क्रिप्टोकरेंसी पर बैन लगने की खबरें सामने आ रही हैं। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि संसद के शीतकालीन सत्र में सरकार इससे जुड़ा कानून लाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हालांकि केंद्रीय एजेंसियां क्रिप्टो बिजनेस से जुड़ी कंपनियों पर लगाम कस रही हैं। जिसके तहत कई क्रिप्टोकरेंसी सेवा प्रदाताओं के दफ्तरों पर जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम ने छापेमारी की है। फिलहाल अभी इसकी ज्यादा जानकारी एजेंसी से नहीं मिल पाई है।

आधिकारिक सूत्रों ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज WazirX समेत देशभर के प्रमुख क्रिप्टोकरेंसी सेवा प्रदाताओं के दफ्तरों पर छापेमारी जीएसटी इंटेलिजेंस के अधिकारियों ने की। इस दौरान डीजीजीआई को बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी का पता चला है। हालांकि डीजीजीआई ने अभी तक इसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। आशंका जताई जा रही है कि इस छापेमारी का असर क्रिप्टो मार्केट पर पड़ेगा।
भारत में क्या हैं नियम?
कई देशों ने क्रिप्टोकरेंसी को पूरी तरह से मंजूरी दे दी है, जिस वजह से वहां पर कोई भी नागरिक इसमें लेन-देन कर सकता है, लेकिन भारत में हालत कंफ्यूज करने वाले हैं। दरअसल हमारे देश में ना तो सरकार ने इसे लीगल किया है और ना ही इस पर रोक लगाई है। इस वजह से आप चाहें तो इसे किसी क्रिप्टो एक्सचेंज से खरीद सकते हैं। वहीं भारतीय रिजर्व बैंक ने धोखाधड़ी को देखते हुए इसे बैन करने की मांग की थी, लेकिन क्रिप्टो एक्सचेंजों ने कोर्ट का रुख किया और मार्च 2020 में वो जीत गए।
अपना क्रिप्टो लाएगी आरबीआई?
वहीं दूसरी ओर आरबीआई अपनी क्रिप्टोकरेंसी बाजार में लाना चाहती है, जिस पर तेजी से काम जारी है। सूत्रों के मुताबिक सरकार जब क्रिप्टोकरेंसी पर बिल लाएगी, उसके बाद आरबीआई अपनी क्रिप्टो को पेश करेगी। ये पूरी तरह लीगल होगी, जिसके फ्रेमवर्क पर काम किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications