Coronavirus Impact: गूगल ने मार्केटिंग बजट में की कटौती, कंपनी के शेयर गिरे
नई दिल्ली: कोरोना वायरस की वजह से दुनियाभर में कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। जिस वजह से लगातार बड़ी आर्थिक मंदी का खतरा मंडरा रहा है। वहीं अब दिग्गज आईटी कंपनियां भी इसकी चपेट में आ रही हैं। आने वाले मुश्किल वक्त को देखते हुए गूगल ने अब अपने मार्केटिंग बजट में कटौती का ऐलान किया है। इससे पहले कंपनी ने नई भर्तियों पर रोक लगा दी थी। वहीं इस खबर के आते ही गूगल के शेयर में दो प्रतिशत की गिरावट देखी गई।

कंपनी के अधिकारियों के मुताबिक कोरोना वायरस की वजह से कारोबार बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। आने वाला वक्त आईटी सेक्टर के लिए और मुश्किलें ला सकता है। ऐसे में गूगल ने दूसरी छमाही के लिए अपने मार्केटिंग बजट में कटौती की है। अब पहले की तुलना में ये बजट आधा रह जाएगा। गूगल प्रवक्ता के मुताबिक कंपनी 2020 के लिए निवेश योजनाओं का पुनर्मूल्यांकन कर रही है। इसके साथ ही अब मार्केंटिंग के जरूरी बिंदुओं पर ही काम किया जाएगा।
इसी तरह गूगल ने 2020 के लिए पूरी तरह से भर्ती रोकने की भी घोषणा कर दी है। पिछले साल गूगल ने कुल 20,000 कर्मचारियों की भर्ती की थी, लेकिन इस साल कोरोना वायरस की महामारी को देखते हुए उसने बाकी बचे साल में कोई भर्ती नहीं करने का फैसला कर लिया है। कंपनी के एक आंतरिक संदेश में अल्फाबेट और गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने कहा कि अब समय आ गया है कि भर्ती को अर्थपूर्ण तरीके से रोक दिया जाए। साथ ही उन रणनीतिक क्षेत्रों में कम संख्या के साथ कार्य की गति बनाए रखी जाए, जहां यूजर्स और बिजनेस, सपोर्ट के लिए गूगल के भरोसे हैं।
माइक्रोसॉफ्ट ने भी लिया बड़ा फैसला
आईटी क्षेत्र के दिग्गज माइक्रोसॉफ्ट ने भी महज तीन हफ्तों में ही अपने यहां नई नौकरियों की संख्या घटाकर करीब आधी कर दी है। मसलन, 22 मार्च, 2020 को माइक्रोसॉफ्ट ने 5,580 नौकरियों की ओपनिंग रखी थी। 20 अप्रैल तक आते आते वह संख्या घटकर सिर्फ 3,028 रह गई यानि 46% की कमी कर दी गई है। लेकिन, लिंक्डइन ने भर्ती में और भी ज्यादा कमी कर दी है। मसलन, 1 मार्च को इसने 510 ओपनिंग रखी थी। लेकिन, इस हफ्ते उसके पूरे बिजनेस में सिर्फ 2 ही ओपनिंग दिख रही है।












Click it and Unblock the Notifications