Gold Silver Price: चांदी फिर ₹1.30 लाख सस्ती, सोना भी सस्ता,गोल्ड-सिल्वर में निवेश करने के 5 स्मार्ट तरीके
Gold Silver Price Today: सोने और चांदी के बाजार ने एक बार फिर निवेशकों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। कुछ दिन पहले तक जहां दोनों कीमती धातुएं रिकॉर्ड ऊंचाई पर थीं, वहीं अब भारी गिरावट के बाद अचानक आई तेजी ने लोगों को कन्फ्यूज कर दिया है। सवाल यही है कि क्या यह खरीदारी का मौका है या अभी इंतजार करना बेहतर रहेगा।
MCX पर आज क्या रहे सोना-चांदी के ताजा भाव? (Gold Silver Price Today)
बुधवार 04 जनवरी की शाम 7.30 बजे तक मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर सोने और चांदी दोनों में जोरदार उछाल देखने को मिला। 2 अप्रैल वायदा वाला सोना 5,522 रुपये की तेजी के साथ 1,59,331 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा। वहीं मार्च वायदा वाली चांदी 21,278 रुपये उछलकर 2,89,293 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई।

गिरावट के बाद इतनी तेजी क्यों आई? (Gold Silver Bounce Back)
दो दिन पहले हालात बिल्कुल उलट थे। सोमवार को सोना टूटकर करीब 1.37 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक आ गया था। लेकिन वहां से तेज रिकवरी हुई और अब सोने में करीब 22 हजार रुपये की उछाल देखने को मिली है।
चांदी की बात करें तो यह 2.25 लाख रुपये के आसपास फिसल गई थी, लेकिन दो दिन में ही 64 हजार रुपये की छलांग लगाकर 2.89 लाख रुपये तक पहुंच गई।
रिकॉर्ड हाई से अब भी कितने सस्ते हैं रेट? (Gold Silver Record High Comparison)
29 जनवरी 2026 को सोने और चांदी ने अपने ऑल टाइम हाई लेवल छुए थे। MCX के आंकड़ों के मुताबिक सोने का रिकॉर्ड हाई 1.93 लाख रुपये और चांदी का 4.20 लाख रुपये रहा है। इस लिहाज से देखा जाए तो सोना अभी भी अपने रिकॉर्ड से करीब 34 हजार रुपये नीचे है। वहीं चांदी लगभग 1.30 से 1.31 लाख रुपये सस्ती चल रही है।
इतनी बड़ी गिरावट आई क्यों? (Why Gold Silver Fell)
जानकारों के मुताबिक जब सोना और चांदी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचे, तभी निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू कर दी। लगातार प्रॉफिट बुकिंग से बाजार में बिकवाली बढ़ी और दाम नीचे आने लगे।
इसके अलावा डॉलर में मजबूती भी एक बड़ी वजह रही। डॉलर मजबूत होता है तो आमतौर पर कमोडिटी की कीमतों पर दबाव बनता है और सोना-चांदी कमजोर पड़ते हैं।
अब निवेशकों को क्या करना चाहिए? (Should You Buy Gold Silver Now)
एक्सपर्ट्स मानते हैं कि हालिया गिरावट स्थायी नहीं थी और यह पूरी तरह मुनाफावसूली का असर थी। लॉन्ग टर्म निवेशकों के लिए सोना और चांदी अब भी मजबूत विकल्प बने हुए हैं।
हालांकि शॉर्ट टर्म में थोड़ा उतार-चढ़ाव बना रह सकता है, इसलिए जल्दबाजी से बचना जरूरी है। विशेषज्ञों की सलाह है कि DIP BUY की रणनीति अपनाई जाए यानी जब भी दाम गिरें, तब धीरे-धीरे खरीदारी की जाए। पोर्टफोलियो में सोना-चांदी की हिस्सेदारी 10 से 20 फीसदी तक रखना जोखिम को संतुलित करने का बेहतर तरीका माना जाता है।
सोना-चांदी में निवेश करने के 5 स्मार्ट तरीके (Gold Silver Investment Options)
- फिजिकल गोल्ड और सिल्वर - गहने, सिक्के या बार के रूप में निवेश, हालांकि इसमें मेकिंग चार्ज और स्टोरेज का खर्च जुड़ता है।
- Gold ETF और Silver ETF - स्टॉक एक्सचेंज के जरिए डिजिटल तरीके से निवेश, जिसमें शुद्धता और सेफ्टी की चिंता नहीं रहती।
- सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB) - सरकार द्वारा जारी बॉन्ड, जिसमें सोने की कीमत के साथ ब्याज का भी फायदा मिलता है।
- MCX फ्यूचर्स और ऑप्शंस - अनुभवी निवेशकों के लिए, जहां कम पूंजी में बड़ा दांव लगाया जा सकता है, लेकिन जोखिम भी ज्यादा होता है।
- डिजिटल गोल्ड और सिल्वर - मोबाइल ऐप्स के जरिए छोटी रकम से निवेश, जिसे बाद में फिजिकल गोल्ड में भी बदला जा सकता है।
अगर आप लंबी अवधि के निवेशक हैं तो मौजूदा स्तर डराने वाले नहीं, बल्कि मौके देने वाले हैं। वहीं शॉर्ट टर्म ट्रेडर्स को थोड़ा धैर्य रखना चाहिए और गिरावट पर ही एंट्री लेनी चाहिए। बाजार में जल्दबाजी नहीं, बल्कि समझदारी ही असली मुनाफा दिलाती है।












Click it and Unblock the Notifications