Gold price: बैंकिंग सेक्टर में मची तबाही ने बढ़ाई सोने की कीमतें! लोग शेयर छोड़ गोल्ड में कर रहे हैं निवेश
Gold price, गोल्ड की कीमत आज 20 मार्च को 59,671 रुपये के ऊपर है। वही देश के कई राज्यों में सोने की कीमतें 60 हजार प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गईं।

सोने की कीमतों ने एक नया रिकॉर्ड कायम कर लिया है। सोने की कीमतों में पिछले 10 दिनों में लगभग 5000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। जिससे देश में गोल्ड का रेट लाइफ टाइम लेवल पर पहुंच गया है। सोमवार दोपहर 1 बजे सोने का भाव 1.67 फीसद उछल कर 60375 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। आज सर्राफा बाजारों में सोना अपने 2 फरवरी के ऑल टाइम हाई 58882 रुपये प्रति 10 ग्राम को पीछे छोड़ते हुए 59671 के नए रिकॉर्ड के साथ खुला। सोने की कीमतों में हो रही उछाल के पीछे बाजार के जानकारों का मानना है कि, बैंकिग सेक्टर में चल रही उठापठक ने लोगों को सोना खरीदने के लिए प्रेरित किया है।

सोने की आसमान छू रही कीमतों ने लोगों की बढ़ाई मुश्किलें
सोमवार को ओडिशा के भुवनेश्वर में प्रति 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 61400 रुपये पर पहुंच गई है जो पिछले सप्ताह 57620 रुपये थी। सोने की की कीमतों में इस तरह की अप्रत्याशित वृद्धि ने खरीदारों के बीच भी चिंता बढ़ गई है। रेट में बढ़ोत्तरी के चलते ग्राहकों ने सोना खरीदने के साथ-साथ इसे शादियों में रिश्तेदारों को देने से भी परहेज कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोने की कीमत 30000 रुपये प्रति 10 ग्राम से 40000 तक पहुंचने में 8 साल लगे थे।

17 साल में सोने की कीमतें 6 गुना बढ़ी
2020 में सोने की कीमत 40000 रुपये प्रति 10 ग्राम थी। इसके बाद 40000 से 50000 तक पहुंचने में बहुत अधिक वक्त नहीं लगा और केवल 6 महीने ये सफर तय कर लिया। वहीं सोने की भाव को 50000 रुपये प्रति 10 ग्राम से 60000 पहुंचने में ढाई साल लगे हैं। 17 साल में सोने की कीमतों 6 गुना बढ़ी है। बाजार के जानकारों ने लागातार कीमतों में हो रही बढ़ोत्तरी चिंता जताते हुए सोने की कीमतों में तेजी के पीछे अमेरिकी और यूरोपीय बैंकिंग संकट को वजह बताया है।

सोने की कीमतें इस वजह से बढ़ीं
एक्सपर्ट्स का कहना है कि, अमेरिका से लेकर यूरोप तक बैंकिंग संकट के बाद निवेशकों का शेयरों से भरोसा उठ गया है। अब वे पूंजी बाजार से अपना निवेश वापस ले रहे हैं, सोने में निवेश कर रहे हैं, जिससे कीमतें बढ़ रही हैं।बाजार विशेषज्ञ ने भविष्यवाणी की हैं कि बैंकिंग संकट के सामान्य होने तक सोने की कीमतें बढ़ती रहेंगी। वहीं ज्वैलर्स का मानना है कि अगर यही रुख जारी रहा तो सोने की कीमत जल्द ही 70,000 रुपये तक पहुंच सकती है।

शेयर बाजार से लोगों का मोह भंग हुआ!
एक सप्ताह के भीतर कीमत में 4000 रुपये की वृद्धि हुई और यह अप्रत्याशित है। जो लोग अभी तक 10 ग्राम सोना खरीद सकते थे। वे अब 5 ग्राम ही खरीद रहे हैं। सिर्फ सोना ही नहीं, चांदी की कीमत ने भी रफ्तार पकड़ रखी है। पिछले एक हफ्ते में चांदी की कीमत में 5000 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी हुई है। चांदी का भाव जहां 12 मार्च को 65000 रुपये प्रति किलोग्राम था, वहीं आज 70000 रुपये पर पहुंच गया है। शेयर बाजार चल रही भारी उतार चढ़ाव ने लोगों को सोने की ओऱ आकर्षित किया है। लगातार बढ़ी सोने की मांग ने इसकी कीमतों को नई उंचाई पर पहुंचा दिया।












Click it and Unblock the Notifications