टेस्ला के बाद बड़ी गेमिंग कंपनी की बिटकॉइन में एंट्री, 10 करोड़ डॉलर की खरीद
नई दिल्ली, अप्रैल 28। टेस्ला के बाद अब बिटकॉइन को एक और बड़ी कंपनी का साथ मिला है। गेम बनाने वाली जापानी कंपनी नेक्सॉन ने घोषणा की है कि उसने 10 करोड़ डॉलर बिटकॉइन में निवेश किए हैं।

ऑनलाइन गेम सेवा देने वाली कंपनी ने 58226 डॉलर की कीमत पर 1717 बिटकॉइन खरीदे हैं। नेक्सॉन ने बताया कि उसने अपने रिजर्व का 2 प्रतिशत से भी कम इस खरीद पर खर्च किया है। राजधानी टोक्यों में किसी कंपनी द्वारा बिटकॉइन की ये सबसे बड़ी खरीद है।
नेक्सॉन ने जारी किया बयान
नेक्सॉन के सीईओ ओवेन मेहोनी ने कहा "बिटकॉइन की हमारी खरीद शेयरधारक मूल्य की रक्षा के लिए और हमारी नकदी संपत्ति की क्रय शक्ति को बनाए रखने के लिए एक अनुशासित रणनीति को दर्शाती है।" उन्होंने आगे कहा "वर्तमान आर्थिक परिदृश्य में हम विश्वास करते हैं कि बिटकॉइन भविष्य के निवेश के लिए हमारी नकदी के मूल्य को बनाए रखते हुए दीर्घकालिक स्थायित्व और तरलता प्रदान करता है।
पिछले कुछ समय में बिटकॉइन को लेकर बड़े निवेशकों की रुचि बढ़ी है। इस साल की शुरुआत के बाद टेस्ला और स्क्वॉयर जैसी वैश्विक फर्म ने पिछले कुछ महीनों में बिटकॉइन को खरीदकर इसकी तरफ लोगों का ध्यान आकर्षित किया है। बड़े संस्थानों के निवेश के चलते क्रिप्टोकरेंसी को पेमेंट माध्यम के रूप में स्वीकार करने को लेकर भी चर्चा तेज हो रही थी। वहीं शुरुआत में बिटकॉइन को स्वीकार करने में आगे रही जापानी फर्मों ने इस दौरान धीमापन दिखाया था।












Click it and Unblock the Notifications