Fact Check: क्या आपके व्हाटसऐप पर भी आया है 500 के नकली नोट का मैसेज, जानिए इसकी सच्चाई
नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक पोस्ट वायरल हो रहे हैं जिनमें 500 के दो नोट हैं। ध्यान से देखने पर पता चलता है कि एक नोट पर हरी पट्टी बीच (गांधी जी की फोटो के पास) में है। दूसरे नोट में ये पट्टी गांधी जी के फोटो से थोड़ी दूरी पर है। पोस्ट के मुताबिक जिस नोट में हरी पट्टी गांधी जी के फोटो के नजदीक है वो नकली नोट है। पोस्ट में ये भी अपील की जा रही है कि इसे ज्यादा से ज्यादा लोगो तक पहुंचाएं ताकि आपके अपने जानने वाले फर्जी नोट का शिकार न बन जाएं। जब इस पोस्ट और उन दोनों नोटों की सच्चाई जानने की कोशिश (Fact Check) की गई तो मामला कुछ और ही निकला। पड़ताल में पता चला कि नोट के नकली होने का दावा गलत है। दोनों नोट असली हैं और लेनदेन में हैं।

सबसे पहले जान लीजिए क्या मैसेज हो रहा है वायरल
वायरल पोस्ट में अंग्रेजी में लिखा है, "Pls do not accept Rs.500 Currency note on which the green strip is close to Gandhi ji because it's fake. Accept a currency note where the strip is *near Governor's signature.* Please pass this message to all family and friends,". जिसका हिंदी अनुवाद होता है " रु 500 की करेंसी नोट स्वीकार करने से पहले ध्यान दें। जिस नोट पर हरी पट्टी गांधी जी के करीब है वह नकली है। ऐसा करेंसी नोट स्वीकार करें जहां स्ट्रिप 'गवर्नर के हस्ताक्षर के पास है। ' कृपया इस संदेश को सभी परिवार और दोस्तों के पास भेज दें।

क्या पता चला FACT CHECK में
8 नवंबर 2016 को नोटबंदी के फैसले के दो दिन बाद 10 नवंबर से पांच सौ और दो हजार के नए नोट मार्केट में आ गए थे। इसके बाद जून 2017 में RBI ने पांच सौ की करंसी में कुछ बदलाव करते हुए नोटों की नई खेप जारी की थी। ऐसा नहीं था कि नए नोट आने से पुराने नोट बेकार हो जाएंगे। यानी 10 नवंबर से जितने भी नोट मार्केट में आए हैं, वो सभी चलन में हैं। बैंक के एक आला अधिकारी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि स्ट्रिप की जगह बदलने से ये नोट नकली नहीं होंगे। RBI ने खुद 13 जून 2017 को ट्वीट करके बताया था कि 500 के नए नोट कुछ बदलाव के साथ जारी किए जा रहे हैं। इसके साथ RBI ने प्रेस रिलीज भी जारी की थी।

500 के नोट पर ये हुए थे बदलाव (RBI के मुताबिक)
- नंबर पैनल के इनसेट लेटर में E के बजाय A लिखा होगा (इनसेट लेटर नोट पर लिखे नंबर के बीच लिखा होता है, जो नोट तिरछा करने पर दिखता है)
- इसमें RBI गवर्नर उर्जित पटेल का सिग्नेचर और छपाई का साल 2017 पीछे की तरफ होगा
- नोट की बाकी डिजाइन वैसी ही होगी, जैसी 2016 में थी
क्या निकला परिणाम
पड़ताल में ये वायरल मैसेज गलत निकला। बात एकदम क्लियर है। 500 रुपए के नोट में जो सिल्वर स्ट्रिप थी, वो इन दोनों नोटों में अलग-अलग जगह पर थी। यह सिल्वर पट्टी जरुरी नहीं है कि गांधी के नजदीक हो। 500 रुपए का नोट सही है या नहीं इसको लेकर रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने अपने आधिकारिक वेबसाइट पर जानकारी दी हुई है।
10 के सिक्कों को लेकर भी फैली थी ऐसी ही अफवाह
कुछ दिन पहले 10 के नकली सिक्कों की अफवाह भी फैल गई थी। इसके बाद आरबीआई ने नोटिफिकेशन जारी करके स्पष्ट किया था कि 10 के नकली सिक्के चलन में नहीं हैं। RBI की तरफ से कहा गया था कि 10 के कई तरह के सिक्के चलन में हैं और सभी असली हैं।












Click it and Unblock the Notifications