ICI Combined Index: औद्योगिक-अर्थव्यवस्था को लेकर गुड न्यूज, 8 प्रमुख उद्योगों का उत्पादन अगस्त में 12.1% बढ़ा
ICI Combined Index: देश की अर्थव्यवस्था और औद्योगिक गतिविधियों में बढ़ोतरी को लेकर अच्छी खबर सामने आई है। आठ प्रमुख उद्योगों के संयुक्त सूचकांक (ICI) में इजाफा दर्ज किया गया है। पिछले साल के मुकाबले अगस्त 2023 में 12.1 फीसदी बढ़ोतरी देखी गई है।
अगस्त 2022 के मुकाबले अगस्त 2023 में सभी आठ प्रमुख उद्योगों (सीमेंट, कोयला, कच्चा तेल, बिजली, उर्वरक, प्राकृतिक गैस, रिफाइनरी उत्पाद और इस्पात) के उत्पादन में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई।

वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के मुताबिक आठ बुनियादी उद्योगों (आईसीआई) का संयुक्त सूचकांक (Combined Index) में अगस्त 2022 के मुकाबले अगस्त 2023 में बढ़ा है। इस साल अगस्त में सीमेंट, उर्वरक, इस्पात, कोयला और रिफाइनरी उत्पादों का उत्पादन पिछले वर्ष के इसी महीने की तुलना में बढ़ा है।
जुलाई में यह आंकड़ा सालाना आधार पर 8 प्रतिशत था, जबकि मई 2023 में 5.2 प्रतिशत बढ़ोतरी दर्ज हुई थी। आईसीआई आठ प्रमुख उद्योगों के उत्पादन के संयुक्त और व्यक्तिगत प्रदर्शन को मापता है। आठ कोर उद्योगों में औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) में शामिल वस्तुओं के कुल भारांक (वेटेज) का 40.27 प्रतिशत हिस्सा इन आठ कोर उद्योगों का होता है।
मई 2023 के लिए आठ प्रमुख उद्योगों के सूचकांक की अंतिम वृद्धि दर को संशोधित कर 5.2 प्रतिशत कर दिया गया है। अप्रैल से अगस्त, 2023-24 के दौरान आईसीआई की संचयी वृद्धि दर पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 7.7 प्रतिशत (अनंतिम) रही।
सीमेंट - सीमेंट उत्पादन (वेटेज: 5.37 प्रतिशत) अगस्त 2022 की तुलना में अगस्त 2023 में 18.9 प्रतिशत बढ़ गया। अप्रैल से अगस्त, 2023-24 के दौरान इसका संचयी सूचकांक पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 12.7 प्रतिशत बढ़ गया।
कोयला - कोयला उत्पादन (वेटेज: 10.33 प्रतिशत) अगस्त 2022 की तुलना में अगस्त 2023 में 17.9 प्रतिशत बढ़ गया। अप्रैल से अगस्त, 2023-24 के दौरान इसका संचयी सूचकांक पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 11.5 प्रतिशत बढ़ गया।
कच्चा तेल - कच्चे तेल का उत्पादन (वेटेज: 8.98 प्रतिशत) अगस्त 2022 की तुलना में अगस्त 2023 में 2.1 प्रतिशत बढ़ गया। अप्रैल से अगस्त, 2023-24 के दौरान इसका संचयी सूचकांक पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 0.4 प्रतिशत कम हो गया।
बिजली - बिजली उत्पादन (भारांक: 19.85 प्रतिशत) अगस्त, 2022 की तुलना में अगस्त, 2023 में 14.9 प्रतिशत बढ़ गया। अप्रैल से अगस्त, 2023-24 के दौरान इसका संचयी सूचकांक पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 5.3 प्रतिशत बढ़ गया।
उर्वरक - उर्वरक उत्पादन (भारांक: 2.63 प्रतिशत) अगस्त, 2023 में अगस्त, 2022 की तुलना में 1.8 प्रतिशत बढ़ गया। अप्रैल से अगस्त, 2023-24 के दौरान इसका संचयी सूचकांक पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 7.5 प्रतिशत बढ़ गया।
प्राकृतिक गैस - प्राकृतिक गैस का उत्पादन (भारांक: 6.88 प्रतिशत) अगस्त, 2022 की तुलना में अगस्त, 2023 में 10.0 प्रतिशत बढ़ गया। अप्रैल से अगस्त, 2023-24 के दौरान इसका संचयी सूचकांक पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 3.9 प्रतिशत बढ़ गया।
पेट्रोलियम रिफाइनरी उत्पाद - पेट्रोलियम रिफाइनरी उत्पादन (भारांक: 28.04 प्रतिशत) अगस्त, 2022 की तुलना में अगस्त, 2023 में 9.5 प्रतिशत बढ़ गया। अप्रैल से अगस्त, 2023-24 के दौरान इसका संचयी सूचकांक पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 3.7 प्रतिशत बढ़ गया।
स्टील - स्टील उत्पादन (भारांक: 17.92 प्रतिशत) अगस्त, 2022 की तुलना में अगस्त, 2023 में 10.9 प्रतिशत बढ़ गया। अप्रैल से अगस्त, 2023-24 के दौरान इसका संचयी सूचकांक पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 14.8 प्रतिशत बढ़ गया।












Click it and Unblock the Notifications